
तृतीय श्रेणी अध्यापक सीधी भर्ती 2016 की संशोधित विज्ञप्ति के बाद प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने अभ्यर्थियों के सामने आ रही समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने इस भर्ती के तहत पूर्व में जारी विज्ञप्ति के अनुसार आवेदन कर चुके लेवल द्वितीय के अभ्यर्थियों को फिर से आवेदन करना होगा।
विभाग द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार एेसे अभ्यर्थियों को नया आवेदन ऑन लाईन करते समय अपनी पहले वाली रेफरेंस आई डी का उपयोग कर अपना डाटा नई विज्ञप्ति के अनुसार अपडेट करना होगा। पुरानी रेफरेंस आईडी से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की फीस नए आवेदन में समायोजित हो जाएगी।
अधिक विषयों में भी आवेदन
एक ही एसएसओ आईडी से एक से अधिक विषय में आवेदन किया जा सकेगा लेकिन एक ही विषय में अलग अलग आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अलग अलग एसएसओ आईडी बनानी होगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के सूत्रों ने बताया कि तृतीय श्रेणी अध्यापक सीधी भर्ती 2016 संशोधित विज्ञप्ति के सभी आवेदन ऑन लाईन ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफ लाईन आवेदनों को निरस्त कर दिया जाएगा। लेवल -२ के अभ्यर्थियों को स्नातक के विषय में से एच्छिक विषय अंकित करने होंगे।
राजस्थान प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय सीधी भर्ती २०१६ के लिए पूर्व में 6 जुलाई 2016 को आवेदन आमंत्रित किए गए थे। उसके बाद विभाग ने लेवल -2 में विषय वार भर्ती निर्धारित कर संशोधित अधिसूचना 29 अगस्त 2017 को निकाली, जिसमें बीएड अभ्यर्थियों को अपने स्नातक के एेच्छिक विषयों के आधार पर पुन: आवेदन करने को कहा गया है।
शिक्षकों को दीपावली से पहले मिले बोनस और एरियर
राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) ने मंगलवार को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) को ज्ञापन देकर 2012 के नियुक्त सभी शिक्षकों को दीपावली से पूर्व बोनस व उनके एरियर के भुगतान की मांग की है। संगठन के जिलाध्यक्ष संजय पुरोहित एवं जिला मंत्री पृथ्वीराज लेघा ने बताया कि लम्बे समय से 2012 के शिक्षक स्थाईकरण के अभाव में बोनस व एरियर से वंचित थे।
हाल ही में इन शिक्षको के स्थाईकरण आदेश जारी हो चुके है। संगठन ने संबंधित अधिकारियों से मिलकर इन सभी शिक्षकों को बोनस व एरियर का भुगतान दीपावली से पूर्व करने की मांग की है। प्रतिनिधिमण्डल में श्रवण पुरोहित, रेवन्तराम गोदारा, महावीर धतरवाल, रूपाराम गोदारा, रामचन्द्र सियाग, महेन्द्र भंवरिया, शिवशंकर गोदारा, भंवर पोटलिया, भंवर सांगवा आदि शिक्षक शामिल थे। '