बीकानेर

बीकानेर में बिजली छीजत सबसे ज्यादा, एमडी डोगरा ने जताई चिन्ता

जिले में 5-5 लाख रुपए से अधिक की बकाया राशि रखने वाले सैकड़ों उपभोक्ता है, जिन्होंने लंबे समय से बिल जमा ही नहीं कराया।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2017, 8:25 AM IST
electricity department

'बिजली की छीजत प्रदेश में सबसे ज्यादा बीकानेर में हो रही है। यह डिस्कॉम के लिए चिन्ता का विषय है।' यह कहना है जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक आरती डोगरा का। गुरुवार को बीकानेर आई डोगरा ने कहा कि इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।

एमडी आरती डोगरा ने 'राजस्थान पत्रिका' से बातचीत में बताया कि वर्तमान में बीकानेर में 14 प्रतिशत बिजली छीजत हो रही है, जो पूरे डिस्कॉम में सबसे अधिक है। इस कारण नियमित उपभोक्ताओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

अत्यधिक लोड, बिजली चोरी होने से उन उपभोक्ताओं के सामने मुश्किल आ रही है, जो नियमित बिल जमा करवा रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को पूरा वोल्टेज नहीं मिल रहा है। यह संकट की स्थिति है। बिजली चोरी के कारण विद्युत लोड अधिक बढ़ गया है।

बढ़ रही है चोरी
एमडी डोगरा ने माना कि बीकानेर जिले में बिजली चोरी में इजाफा हो रहा है, लेकिन चोरी पकड़ी भी जा रही है। डोगरा ने कहा कि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बिजली चोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

बकाया बड़ी समस्या
चोरी के साथ बिजली बिलों का बकाया भी बड़ी समस्या हो गई है। एमडी ने कहा कि जिले में 5-5 लाख रुपए से अधिक की बकाया राशि रखने वाले सैकड़ों उपभोक्ता है, जिन्होंने लंबे समय से बिल जमा ही नहीं कराया।

कर रहे हैं कार्रवाई
एमडी ने कहा कि बिजली चोरों के खिलाफ इन दिनों कार्रवाई भी चल रही है। अवैध ट्रांसफार्मर जब्त किए जा रहे हैं, बकायादारों के कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं। यह कार्रवाई जारी रहेगी।

बैठक में दिए निर्देश
डिस्कॉम प्रबंध निदेशक ने यहां अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान बकाया वसूली, विजिलेंस कार्रवाई करने में कोई कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए। इसमें संभागीय मुख्य अभियंता प्रेमजीत धोबी, अधीक्षण अभियंता हवासिंह के अलावा लेखाधिकारी व अभियंता शामिल हुए। बीकानेर में बैठक के बाद एमडी गंगानगर के लिए रवाना हो गई।

Published on: