बीकानेर

किसानों की मूंगफली को अब सरकार की ना

कस्बे की कृषि उपज मंडी में सरकारी मूंगफली की खरीद के लिए ऑनलाइन सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। इससे क्षेत्र के किसान परेशान है।
3 min read
• •
Updated: 30 Nov 2017, 2:57 PM IST
peanut
मूंगफली

बज्जू. कस्बे की कृषि उपज मंडी में सरकारी मूंगफली की खरीद के लिए ऑनलाइन सेवा मंगलवार दोपहर बाद अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। इससे क्षेत्र के किसान परेशान है।

बाजार से अधिक मूल्य सरकारी खरीद होने से किसान फसल को समर्थन मूल्य में बेच रहे थे लेकिन अब अचानक सेवा अस्थायी रूप से बंद करने पर किसान परेशान है और किसान ई मित्र केन्द्रों व सरकारी खरीद केन्द्र पर चक्कर काटते नजर आ रहे है और सस्ते भावों पर बाजार में बेचने को मजबूर है।

किसानों को सरकारी खरीद केन्द्र पर मूंगफली बेचने के लिए राजस्व पटवारी से अपने खेत की जमीन की गिरदावरी की नकल निकलवानी पड़ती है और ई-मित्र पर राजफैड की वेबसाइट पर ऑनलाइन करवाया जाता है। इसके बाद में टोकन सरकारी खरीद केन्द्र पर ई-मित्र द्वारा ऑनलाइन भेजा जाता है और करीब 10 दिन बाद किसान के मोबाइल पर विभाग द्वारा मूंगफली तुलाई की तारीख का संदेश आ जाता है और तुलवाई के बाद किसानों के खातों में पैसा जमा होता है

लेकिन इन दिनों किसान अपनी जमीन की गिरदावरी लेने के बाद ई-मित्र परऑनलाइन करवाने के लिए पहुंचते है तो वहां पर ई-मित्र संचालक जबाब देता है कि विभाग की साइट पर मूंगफली की खरीद अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

इससे किसानों को अपनी मूंगफली को बाजार में कम भावों में बेचना भी मजबूरी बना है। किसान रामूराम बिश्नोई व धनसुख धायल ने बताया कि बज्जू के सरकारी खरीद केन्द्र पर कुछ दिनों तक ही मूंगफली की सरकारी खरीद हुई है और अब अचानक बंद करने से हम किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारदाना पहुंचा
छतरगढ़. यहां स्थानीय अनाज मंडी में क्रय विक्रय सहकारी समिति के तत्वावधान में चल रही मूंगफली के सरकारी खरीद केंद्र पर बुधवार को बारदाने पहुंच गया। गौरतलब है कि मंगलवार को बारदाने की कमी के कारण खरीद का काम दिनभर अटका रहा। बुधवार को पर्याप्त मात्रा में बारदाना आने पर 41 किसानों के टोकन समिति व्यवस्थापक रामधन यादव द्वारा जारी किा गए है।

बुधवार तक सरकारी खरीद केंद्र पर बीस हजार बोरी मूंगफली की खरीद की जा चुकी है। इस बीच, नैफेड अधिकारियों ने जरूरत अनुसार रोजाना बारदाना नियमित उपलब्ध करने का आश्वासन किसानों को दिया है। उधर, किसानों ने कहा कि स्थानीय सहकारी समिति को बार-बार अवगत करने के बावजूद मूंगफली की तुलाई कम्प्यूटर कांटे द्वारा नही करवाई जा रही है। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मूंगफली खरीद में ढिलाई, किसान आक्रोशित
सूडसर. सरकार की समर्थन मूल्य पर मूंगफली की खरीद में ढिलाई से किसानबेबस हो गया है। सरकार द्वारा मात्र 25 क्विंटल मूंगफली तुलवाने तक सीमित रहने एवं अन्य जिंसों की खरीद नहीं होने से किसानों को औने-पौने दाम में अपनी जिंसों को बाजार में बेचने को मजबूर हो गया है। अखिल भारतीय किसान सभा ने एक दिसंबर से बीकानेर संभाग मुख्यालय पर जिला कलक्टर कार्यालय के घेराव की घोषणा की है।

सभा के जिलाध्यक्ष गिरधारी महिया ने बताया कि राज्य सरकार दोगली नीति अपना रही है। किसानों से खरीद करने के वादे से मुकर रही है। साथ ही किसानों के बकाया के नाम पर बिजली के कनेक्शन काटे जा रहे हैं और बिजली चोरी रोकने के नाम पर छापे मारकर ट्रांसफार्मर जब्त किए जा रहे है।

सरकार व प्रशासन को कई बार अवगत करवाने के बाद भी किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। ऐसे में किसान सभा ने सड़क पर मोर्चा लगाने का फैसला लिया है और सरकार व प्रशासन को तीन दिन पहले अल्टीमेटम दिया जा चुका है कि एक दिसंबर तक व्यवस्था में सुधार हो अन्यथा किसानों को आंदोलनोत्मक कदम उठाने को विवश होना पड़ेगा।

Published on: