
राजस्थान राज्य बीज निगम के अध्यक्ष शंभू सिंह खेतासर ने कहा कि राजस्थान में किसानों के कर्जमाफी से समस्या का हल नहीं होगा। राजस्थान के किसानों को समय पर गुणवत्ता वाले बीज मिले, किसानों को बीज लेने के लिए कहीं घूमना नहीं पड़े, इसके लिए मोबाइल वैन के जरिए बीज ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पहुंचा दिए जाएंगे।
खेतासर ने रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से कहा कि उनके कार्यग्रहण करने के बाद किसानों को फसल बुआई से पहले वैज्ञानिक कसौटी पर खरा उतरे गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे राजस्थान सीड कॉर्पोरेशन के प्रति किसानों का भरोसा बढ़ा है।
बेरोजगारों को दिया जाएगा लाइसेंस
खेतासर ने बताया कि योग्यताधारी बेरोजगार युवाओं को बीज सप्लायर का लाइसेंस दिया जाएगा। उनका लक्ष्य है कि २०२२ तक किसानों की आमदनी दुगनी करें, इसके लिए अच्छा बीज देने जा रहे हैं। साथ ही बीज को भी पोस मशीन से लाने के प्रयास किए जाएंगे।
पहले भेज रहे बीज
खेतासर ने कहा कि राज्य के किसानों की शिकायत रही है कि राजस्थान सीड कॉर्पोरेशन से खरीफ या रबि की फसल का बीज मौसम के अनुरूप नहीं मिलता। उन्होंने इस शिकायत को दूर करने के प्रयास किए हैं। इसके लिए 10-15 दिन पहले बीज सप्लायर के पास भेजने के प्रयास किए हैं।
उन्होंने कहा कि मार्केट में बीज मानसून से पहले और सिंचित क्षेत्र में बुआई से पहले मिल जाएगा तो किसान समय पर बुआई कर सकेगा। इससे पहले हमेशा बीज 10-15 दिन बाद आता था, जिससे किसान अच्छे बीज से वंचित रह जाता था।
विधायक भाटी ने की मुलाकात
श्रीकोलायत विधायक भंवर सिंह भाटी ने रविवार को बीज निगम अध्यक्ष शंभू सिंह खेतासर से मिलकर किसानों की समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने खेतासर से कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2015 के बजट सत्र में बीकानेर में बीज विस्तार केन्द्र खोलने की घोषणा की थी,
लेकिन दो साल बाद भी बीज विस्तार केन्द्र नहीं खोले गए। एेसे में बीकानेर के किसानों को सूरतगढ़ बीज विस्तार केन्द्र से बीज खरीदने पड़ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने किसानों की अन्य समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए जल्द समाधान करने की मांग की।