Good News : राजस्थान की स्कूलों में छात्राओं को अब डरने की जरूरत नहीं है। अब रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा कमांडो इन छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगी। राजस्थान की पुलिस अकादमी की ओर से सूबे के 359 महिला पीटीआइ को कमांडो प्रशिक्षण दिया जाएगा।
चंद्रप्रकाश ओझा
Good News : स्कूली छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए राज्य की 359 महिला पीटीआइ को पुलिस अकादमी की ओर से कमांडो प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन्हें रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा कमांडो का नाम दिया गया है। राजस्थान पुलिस अकादमी में इन चयनित महिला शारीरिक शिक्षिकाओं को 10 दिवस का आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये स्टेट रिसोर्स पर्सन अपने ब्लॉक की महिला पीटीआइ को रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण देंगी, जो अपने स्कूल की छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगी। ये प्रशिक्षित महिला पीटीआइ रिसोर्स पर्सन के रूप में काम करेंगी। हर जिले के ब्लॉक से एक महिला शारीरिक शिक्षिका का चयन किया जाएगा। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कम जिला परियोजना समन्वयकों को उनके जिले के ब्लॉक से योग्य तथा सक्षम महिला पीटीआइ का नाम भेजने के निर्देश दिए हैं। ये प्रशिक्षित पीटीआइ ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण देंगी।
रिसोर्स पर्सन के प्रशिक्षण 1 जुलाई से 6 सितंबर तक कुल 4 चरणों में होंगे। प्रत्येक चरण 10 दिनों का होगा। पहला चरण 1 जुलाई से 11 जुलाई तक होगा। इसमें 89 महिला शारीरिक शिक्षिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देकर तैयार किया जाएगा। आत्मरक्षा प्रशिक्षण का दूसरा चरण 15 जुलाई से 26 जुलाई तक होगा, जिसमें 93 महिला पीटीआइ को, तीसरे चरण में 87 महिला पीटीआइ को 29 जुलाई से 8 अगस्त तक तथा चौथे और अंतिम चरण में 90 पीटीआइ को 27 अगस्त से 6 सितंबर तक प्रशिक्षित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें -