भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बीकानेर स्थित विद्युत चोरी निरोधक ग्रामीण थाने में एक हवलदार को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।
बीकानेर . भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार को बीकानेर स्थित विद्युत चोरी निरोधक ग्रामीण थाने में एक हवलदार को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। एसीबी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। ग्रामीण थाने में एसीबी की टीम ने पहले परिवादी को रंग लगे रुपए देकर भेजा फिर उसकी तरफ से इशारा मिलते ही हवलदार को रिश्वत की राशि के साथ पकड़ लिया।
एसीबी की इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पर्वत सिंह ने नेतृत्व में एसीबी की टीम ने अंजाम दिया। परिवादी सेरूणा गांव में बेल्डिंग का काम करता है। विद्युत निगम की विजिलेंस की टीम ने उसकी दुकान के कनेक्शन को लेकर विद्युत चोरी का मामला विद्युत थाने में दर्ज कराया था। इसी मामले को रफादफा करने के लिए दुकानदार से थाने के हवलदार राजेन्द्र सिंह ने बीस हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
जिसमें से आधी राशि दस हजार रुपए देने से पहले वह एसीबी के पास पहुंच गया। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया। इसके बाद एसीबी ने आरोपी हवलदार को रंगे हाथ पकडऩे के लिए जाल बिछाया। इस सब कार्रवाई से अनभिज्ञ हवलदार राजेन्द्र सिंह ने बेधड़क होकर एक बार ५ हजार रुपए ले लिए। इसके बाद एसीबी की टीम ने मंगलवार को परिवादी को रंग लगे दस हजार रुपए देकर भेजा।
चूंकि हवलदार बेधड़क होकर पहले पांच हजार रुपए ले चुका था और खाकी का गुरूर भी था कि उसे कौन पकडऩे वाला है। इसी बात से वह मात खा गया। दुकानदार थाने में १० हजार रुपए लेकर पहुंचा जिसे हवलदार के लेते ही एसीबी ने दबोच कर उसके बैग की तलाशी ली। उसमें से ढाई हजार रुपए और बरामद हो गए।
जिसे एसीबी ने पूर्व में हवलदार की ओर से ली गई पांच हजार रुपए की राशि में से बचे हुए रुपए मानकर जब्त कर लिया। आरोपित हवलदार को अब एसीबी की ओर से एसीबी कोर्ट में पेश किया जाएगा। साथ ही उसके घर और दफ्तर की तलाशी भी ली है। ताकि रिश्वत लेने के और साक्ष्य भी जुटाए जाएं।