बीकानेर

ट्रैफिक समस्या, अवैध कट बंद करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

-जिला कलक्टर ने डूंगरगढ़ में एसडीएम, तहसीलदार कार्यालय और थाने का किया निरीक्षण
2 min read
Mar 10, 2026
कलेक्टर-एसपी ने शांति समिति के सदस्यों के साथ भी की बैठक
कलेक्टर-एसपी ने शांति समिति के सदस्यों के साथ भी की बैठक

जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने मंगलवार को डूंगरगढ़ के एसडीएम, तहसीलदार और थाने का निरीक्षण किया। साथ ही जिला कलक्टर और एसपी ने तहसील कार्यालय में अधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर विभिन्न समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इससे पूर्व शांति समिति की बैठक में सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए उनका जल्द समाधान करवाने की मांगें कलक्टर और एसपी से की। जिला कलक्टर ने बैठक में ट्रैफिक समस्या, निराश्रित गोवंश की समस्या, नेशनल हाईवे पर अवैध कट होने समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निराश्रित गोवंश को जल्द से जल्द गौशालाओं और नंदीशाला में शिफ्ट करें। ट्रैफिक समस्या को लेकर वेंडिग और नॉन वेंडिंग जोन बनाने, पार्किंग स्थान चिन्हित करने के निर्देश पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका के अधिकारियों को दिए। साथ ही नेश्नल हाईवे पर अवैध कट को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। एसडीएम को सड़क सुरक्षा को लेकर ब्लॉक स्तरीय समिति की बैठक समय समय पर आयोजित करने, नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों का चालान करवाने समेत विभिन्न निर्देश दिए।

सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास
शांति समिति की बैठक में एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने सभी समिति सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों से समझाइश करेे कि वे वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करें और हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। साथ ही बच्चे व युवा वाहन चलाते समय रील बनाने से बचकर अपने जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। बैठक में उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, तहसीलदार व नगर पालिका ईओ श्रीवर्धन शर्मा, बीडीओ मनोज धायल, बीसीएमओ डॉ. राजीव सोनी, सीबीईओ सरोज पूनियां, थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव, कृषि विभाग से रघुवर दयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Updated on:
10 Mar 2026 09:13 pm
Published on:
10 Mar 2026 09:13 pm