
AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर
Bikaner Drug Smuggling: बीकानेर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के बीच सदर थाना पुलिस ने एमडी तस्करी के एक नए चेहरे को गिरफ्तार किया है। फत्तीपुरा, भुट्टों का बास निवासी 22 साल के करीम बख्श उर्फ छोटू पुत्र अयूब अली को पुलिस ने 8.61 ग्राम एमडी के साथ पकड़ा है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने करीब छह माह पहले ही नशे की तस्करी शुरू की और मुख्य तस्करों के जेल जाने के बाद खाली हुए बाजार में अपना नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहा था।
सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एमडी की खेप मेहंदी हसन की मां से लेकर आता था। मुख्य तस्करों की गिरफ्तारी के बाद उसने खुद का नेटवर्क खड़ा करना शुरू कर दिया और नशे के नए ग्राहकों को जोड़ने में जुट गया। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी जामसर थाना क्षेत्र के भैरूंखेड़ा गांव में युवाओं को एमडी की सप्लाई करता था। पूछताछ में उसने पांच से सात अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस इनकी भूमिका की तस्दीक करने के साथ आरोपी से जुड़े पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में एमडी तस्करी के नए नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं और मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और कार्यवाहक सीओ सदर शालिनी बजाज के सुपरविजन में सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में की गई।
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत सदर थाना पुलिस ने नागौर, बीकानेर और जोधपुर तक फैले एमडीएमए तस्करी के नेटवर्क में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नागौर निवासी मोहम्मद अली और महिपाल राइका को जोधपुर से पकड़ा है। दोनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों और मादक पदार्थ की पूरी सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ कर रही है।
सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी नागौर और जोधपुर से एमडीएमए लाकर असलम को उपलब्ध कराते थे। इसके बाद असलम खेप लेकर बीकानेर आता और इसे ताराचंद को सौंपकर भुगतान लेकर लौट जाता था। ताराचंद बीकानेर में अलग-अलग स्थानों पर मादक पदार्थ की सप्लाई करता था। इस मामले में पुलिस भीनासर निवासी ताराचंद सारस्वत और नागौर निवासी असलम उर्फ इस्लामुद्दीन को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
Updated on:
27 Jul 2026 10:15 am
Published on:
27 Jul 2026 10:15 am
