बीकानेर

फोन करके बुलाया करणी माता के मंदिर के पास, किया अपहरण और मांगी लाखों की फिरौती

देशनोक से दो व्यक्तियों का अपहरण कर छह लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आ गया।
2 min read
• •
Updated: 3 Jan 2018, 12:25 PM IST
kidnapping case
अपहरण मामले

देशनोक. नोखा की फिरौती का मामला सुलटाने के बाद पुलिस निश्चित हुई ही थी कि देशनोक से दो व्यक्तियों का अपहरण कर छह लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आ गया। अपहरण कर फिरौती मांगने की सूचना लगते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों की सांसें अटक गई लेकिन पुलिस की सक्रियता ने कुछ ही देर में इस मामले की हकीकत का पता लगा लिया। हालांकि देशनोक थाने में पीडि़त महिला ने अपने पति प्रेमचंद व रिश्तेदार ओमप्रकाश का अपहरण कर फिरौती मांगने के आरोप में मामला दर्ज कराया है।

कार्यवाहक एसएचओ कालूराम पंवार ने बताया कि कस्बे के वार्ड 16 के हरखानी मोहल्ला निवासी पुष्पादेवी ब्राह्मण ने थाने में रिपोर्ट दी कि 31 दिसंबर की रात को उसके पति प्रेमचंद व रिश्तेदार ओमप्रकाश का भामटसर निवासी राजू जाट, शिवलाल व तीन-चार अन्य व्यक्ति अपहरण कर ले गए। उसने बताया कि आरोपितों ने ओमप्रकाश के फोन पर रात करीब साढ़े नौ बजे फोन कर प्रेमचंद व उसे करणी माता मंदिर के पास बुलाया।

जब दोनों मंदिर के पास पहुंचे तो यहां खड़ी गाड़ी में पहले से मौजूद राजू जाट, शिवलाल व तीन-चार अन्य व्यक्ति दोनों को जबरन गाड़ी में बिठा कर ले गए। आरोपितों ने उसके पति के फोन से घर पर फोन कर दोनों को सही सलामत छोडऩे की एवज में छह लाख रुपए देने की फिरौती मांगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हकीकत यह
कार्यवाहक एसएचओ के मुताबिक पृथ्मदृष्टया जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों में लेन-देन का विवाद चल रहा है। प्रेमचंद ने भामटसर निवासी राजूजाट से गाड़ी खरीदी थी, जिसके उसने रुपए नहीं दिए। रुपयों को लेकर दोनों के बीच काफी समय से खींचतान चल रही थी।

कई थानों का वांटेड है प्रेमचंद
प्रेमचंद कई थानों का वांटेड भी है। उसके खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। प्रेमचंद के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। कॉल डिटेल से पता चलेगा कि इनकी वारदात से पहले क्या वार्ता हुई थी।

दोनों पक्षों में आपसी विवाद
पृथम दृष्टया जांच में अपहरण व फिरौती मांगने जैसी कोई बात सामने नहीं आ रही है। आरोपितों व पीडि़त पक्ष के बीच लेन-देन का विवाद है। पुलिस एक-दो दिन में पूरे मामले को स्पष्ट कर देगी।
लालचंद कायल, एएसपी ग्रामीण, बीकानेर।

Published on: