बीकानेर

Rajasthan: बदमाशों ने पुलिस को घेरा, लाठी-सरियों से हमला कर हिस्ट्रीशीटर को छुड़ाया; वीडियो बना रहे कॉन्स्टेबल का मोबाइल छीना

Bikaner Police Attack: पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में लिया तो बदमाशों ने पुलिस टीम को ही घेर लिया और हमला कर आरोपी को जबरन छुड़ा ले गए। एक कांस्टेबल ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो हमलावर उसका मोबाइल भी छीन ले गए।
2 min read
Aug 29, 2026
Napasar Police Station
नापासर पुलिस थाना। पत्रिका फाइल फोटो

बीकानेर। पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में लिया तो बदमाशों ने पुलिस टीम को ही घेर लिया और हमला कर आरोपी को जबरन छुड़ा ले गए। नापासर थाना क्षेत्र के शेरेरां गांव में 27 अगस्त सुबह हुई इस वारदात में करीब 15-20 बदमाशों ने दो कांस्टेबलों पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया। दोनों कांस्टेबल घायल हो गए। एक कांस्टेबल ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो हमलावर उसका मोबाइल भी छीन ले गए। पुलिस के पीछा करने के बावजूद आरोपी खेतों के कच्चे रास्तों से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार शेररा पुलिस चौकी के कांस्टेबल रामदयाल और हीरालाल एक वांछित आरोपी को पकड़कर चौकी की ओर ला रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की कैंपर, थार और मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 15-20 लोग वहां पहुंच गए। बदमाशों ने दोनों पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर पुलिसकर्मियों को घायल करने के बाद हमलावर पुलिस के कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर अपने साथ ले गए।

दो पुलिसकर्मी घायल

हमले में कांस्टेबल रामदयाल की पीठ पर डंडे से चोट लगी, जबकि कांस्टेबल हीरालाल के सिर पर लाठी से वार किया गया। बचाव के दौरान दोनों के हाथों पर भी चोटें आई। पुलिसकर्मियों ने हमलावरों से बचते हुए स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन संख्या अधिक होने के कारण बदमाश आरोपी को छुड़ाने में सफल रहे।

वीडियो बनाने पर मोबाइल भी छीना

वारदात के दौरान कांस्टेबल हीरालाल ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया। इसी दौरान हमलावरों ने उसका मोबाइल छीन लिया। आरोपी को वाहनों में बैठाकर बदमाश मौके से भाग निकले। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर हिस्ट्रीशीटर मोडाराम सहित राकेश, भैराराम, चैनाराम, दुर्गाराम और जीताराम समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। थानाधिकारी कविता पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना में इस्तेमाल वाहनों और छीने गए मोबाइल की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

वांछित आरोपी को पकड़कर थाने लाते समय पुलिस जवानों पर हमला किया, जिससे दो जवानों को चोटें आई है। एक हिस्ट्रीशीटर सहित पांच-सात अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वारदात के बाद आरोपी फरार है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-बनवारीलाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण

Updated on:
29 Aug 2026 08:57 am
Published on:
29 Aug 2026 08:56 am