रेलवे स्टेशन, मंडल कार्यालय, आरक्षण कार्यालय आने वाले दिनों में सोलर लाइटों से रोशन होंगे। बीकानेर मंडल में इसकी कवायद शुरू हो गई है।
बीकानेर . रेलवे स्टेशन, मंडल कार्यालय, आरक्षण कार्यालय आने वाले दिनों में सोलर लाइटों से रोशन होंगे। बीकानेर मंडल में इसकी कवायद शुरू हो गई है। सोलर प्लांट शुरू होने के बाद उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में सालाना करीब सात लाख यूनिट बिजली की बचत होगी। साथ ही बिजली भी निर्बाध मिलेगी। रेलवे के विद्युत विभाग ने इसकी पहल की है। अगले साल मार्च तक छोटे-बड़े स्टेशनों, कार्यालयों में सोलर प्लांट लगा दिए जाएंगे।
यहां 24 घंटे बिजली
वर्तमान में बीकानेर मंडल के 25 स्टेशनों पर सोलर प्लांट शुरू हो गए हैं। इससे इन स्टेशनों पर २४ घंटे बिजली मिल रही है। इनमें चूरू को छोड़कर सभी में दस केवी क्षमता के सोलर प्लांट हैं। चूरू स्टेशन पर 15 केवी का प्लांट है। इसके अलावा बीकानेर मंडल के महाजन, नापासर, गाढ़वाला, नाल, गजनेर, आसलु (रतनगढ़ रूट), परसनेऊ, बिग्गा, सूडसर, बेनीसर, श्रीडूंगरगढ़, जामसर, सिड, बाप, मोलीसर, जुहारपुर, नाथवाना स्टेशनों पर कम क्षमता के सोलर प्लांट लगाए गए हैं, ताकि इन स्टेशनों पर 24 घंटे निर्बाध रूप से बिजली मिलती रहे।
लग रहे प्लांट
बीकानेर मंडल के एक दर्जन स्टेशनों पर वर्तमान में सोलर प्लांट लगाने का काम चल रहा है। इनमें बामला, लाहली, रतनगढ़ कनकवाल, सुचान कोटली, गोगामेड़ी, राजलदेसर, देपालसर, दुधवाखारा, हडियाल, कोलायत, डोकवा, अनूपगढ़ स्टेशनों पर दस केवी के सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। बताया जा रहा है कि इस तरह के छोटे स्टेशनों पर पर्याप्त बिजली नहीं रहती है। ऐसे में सोलर प्लांट लगने से बिजली समस्या से निजात मिल जाएगी।
यहां लगेंगे 211 केवी के प्लांट
बीकानेर मंडल प्रबंधक कार्यालय, रतनगढ़ स्टेशन, रेलवे डिस्पेंसरी, आरक्षण कार्यालय, वाशिंग लाइन परिसर में एक-एक और गंगानगर स्टेशन पर दो सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इन स्टेशनों पर 211 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट लगाए जाना प्रस्तावित है। यह लाइटें दिन के समय ही सुचारू रहेंगी।
दिन में सीधी आपूर्ति
सोलर प्लांटों में बैट्री सिस्टम होने के कारण दिनभर में ये सूरज की रोशनी से चार्ज हो जाती हैं। दिन में धूप के कारण प्लेटों से सीधी बिजली आपूर्ति बनी रहती है। शाम ढलने के बाद सोलर लाइटें बैट्री से चालू हो जाती हैं।
फाटकों पर भी लगेंगी
सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे फाटकों पर भी सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए बीकानेर मंडल के 73 रेल फाटक चिह्नित किए गए हैं। जहां रात के समय अंधेरा रहता है, वहां सोलर लाइटें लगाई जाएंगी।
कर रहे काम
सोलर लाइटें काफी स्टेशनों पर लगाई जा चुकी हैं। आने वाले दिनों में कई स्टेशनों और कार्यालयों पर सोलर लाइटें लगाई जाना प्रस्तावित है। इससे बिजली की बचत होगी। रेलवे की विद्युत शाखा योजना को मूर्त रूप दे रही है।
सीआर कुमावत, वरिष्ठ वाणिज्य मंडल प्रबंधक