बीकानेर

अब धमोळी पर चढ़ा फास्ट फूड का रंग

घर-घर में पकवान बने। शहर में अनेक स्थानों पर अस्थायी नमकीन, कचौरी और फास्ट फूड की दुकानें लगी, जिन पर रात तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। कभी धमोळी पर नमकीन कचौरी की रहने वाली मांग पर अब फास्ट फूड का रंग चढ़ गया है।

2 min read
Aug 21, 2024

बीकानेर. अखंड सुहाग की कामना को लेकर कजली तीज (बड़ी तीज) का पर्व मनाया जाता है। महिलाएं बड़ी तीज पर व्रत-पूजन कर झूला झूलने की रस्म निभाती है। शाम को कजली माता का पूजन व चन्द्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का पारणा करती है। बड़ी तीज से एक दिन पूर्व धमोळी पर्व मनाया जाता है। घर-घर में पकवान बनाए जाते है व नमकीन, कचौरी और मिठाइयों की जमकर बिक्री होती है। धमोळी पर नमकीन-कचौरी के साथ अब फास्ट फूड का रंग चढ़ गया है। बालिकाओं और महिलाओं को पारंपरिक नमकीन-कचौरी, समोसा से अधिक फास्ट फूड के आइटम पसंद आ रहे है। गली-मोहल्लों में नमकीन-कचौरी की टक्कर में अब फास्ट फूड की अस्थायी दुकानें धमोळी पर लग रही है।

गली-मोहल्लों में लगी दुकानें

धमोळी पर शहर के लगभग हर गली-मोहल्ले में फास्ट फूड की अस्थायी दुकानें लगी। इन दुकानों पर सुबह से रात तक फास्ट फूड सामग्री की बिक्री का सिलसिला चलता रहा। फास्ट फूड की दुकानों पर पुरुषों की तुलना में महिला खरीदारों की संख्या अधिक रही।

बच्चों से महिलाओं तक हर किसी को पसंद

शहर में पारंपरिक रूप से बनने वाली कचौरी, समोसा, मिर्च बड़े, दही बड़े, दाल के बड़े, मटर, पकौड़ी, ब्रेड बडे नाश्ते में पसंदीदा बने हुए है। शहर में इनकी दर्जनों दुकानें जहां अलसुबह से मध्यरात्रि बाद तक इनकी बिक्री चलती रहती है। नमकीन-कचौरी से अधिक अब बच्चों, युवाओं और महिलाओं को फास्ट फूड आइटम अधिक पसंद आ रहे है। हर चौक-चौराहे, मुख्य मार्गों और बाजारों में फास्ट फूड की स्थायी दुकानें भी संचालित हो रही है।

इनका स्वाद बना पसंदीदा

फास्ट फूड के अनेक आइटम है, जो अब बच्चों से युवाओं और महिलाओं को अधिक पसंद आ रहे है। धमोळी पर चाऊमीन, मसाला डोसा, प्लेन डोसा, रवा मसाला डोसा, इडली सांभर, पास्ता, वेजिटेबल पिज्जा, चीज पिज्जा,, चीज टमाटो पिज्जा, वेजिटेबल चाऊमीन, वेजिटेबल बर्गर, वेजिटेबल बर्गर चीज, वेजिटेबल सेंडविच, ग्रिल सेंडविच, छोला भटूरा, पाव भाजी सहित अनेक फास्ट फूड आइटम का रंग अब धमोळी पर चढ़ चुका है। बाजारों के साथ घरों में भी फास्ट फूड बनाए जा रहे है।

धमोळी पर खान-पान पर जोर

बड़ी तीज का व्रत-पूजन करने वाली महिलाएं व्रत से एक दिन पहले धमोळी के दिन विविध प्रकार के पकवान, नमकीन-कचौरी भोजन के रूप में उपयोग करती है। परिवार की महिला सदस्यों के लिए विविध प्रकार के पकवान, मिठाइयां इत्यादि घर पर बनाए जाते है व बाजारों से भी खरीदारी की जाती है। बहन बेटियों के ससुराल भी भेजे जाते है। नमकीन-कचौरी के साथ अब फास्ट फूड का उपयोग घर-घर में हो रहा है।

Published on:
21 Aug 2024 11:11 pm
Also Read
View All

अगली खबर