बीकानेर

पुलिस ने मारा छापा और पकड़ी नकली घी की फैक्ट्री

एक घर में संचालित नकली घी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। यहां से 450 किलो तैयार नकली घी और कच्चा माल जब्त किया।

2 min read
नकली घी फैक्ट्री

बीकानेर/नाल. पुलिस ने मुरलीधर व्यास कॉलोनी में एक घर में संचालित नकली घी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। यहां से 450 किलो तैयार नकली घी और कच्चा माल जब्त किया। फैक्ट्री मालिक अशोक उपाध्याय को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को नकली घी बनाने के मामले में दूसरी बार पकड़ा गया है। इससे पहले भी वह नाल क्षेत्र में नकली घी बनाते पकड़ा गया था। उपाध्याय हाल ही में जमानत पर छूटा था और उसने जगह बदल कर फिर से नकली घी बनाना आरंभ कर दिया था।

सीआई धरम पूनिया ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा के निर्देश पर नकली-घी बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया है। बुधवार सुबह मुखबीर से मुरलीधर व्यास कॉलोनी के एक मकान में नकली घी बनाने की फैक्ट्री के संचालित होने की सूचना मिली। तब पुलिस ने वहां दबिश दी। पुलिस ने फैक्ट्री से ४५० किलो तैयार नकली घी सहित डुप्लीकेट ब्रांड के रेपर सहित अन्य सामान जब्त किया।

कल ही शुरू की थी नई फैक्ट्री
सीआई ने बताया कि पिछले दिनों अशोक उपाध्याय की नाल में अवैध रूप से नकली घी बनाने की फैक्ट्री पुलिस ने पकड़ी थी। तब बीछवाल पुलिस ने फैक्ट्री पकड़ी और गंगाशहर पुलिस ने उसके गोदाम से नकली घी के रेपर, टीन आदि बरामद किया था।

अशोक उपाध्याय तब से जेल में बंद था। हाल ही में वह जमानत पर रिहा हुआ और आते ही उसने जगह बदल कर स्वयं के मकान में नकली घी बनाने की फैक्ट्री की शुरुआत कर दी। जांच में पता चला है कि मंगलवार को ही फैक्ट्री का मुहुर्त किया गया था।

अब तक छह जगह कार्रवाई
बीकानेर पुलिस नकली घी बनाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अब तक आधा दर्जन जगहों पर छापामारी कर चुकी है। इसमें बीछवाल पुलिस ने तीन, गंगाशहर पुलिस ने एक, नोखा पुलिस ने एक और नाल पुलिस ने एक कार्रवाई कर नकली घी बनाने की फैक्ट्रियों को सीज किया है।

गौरतलब है कि त्योहारी सीजन में घी की डिमांड बढ़ती है। बीकानेर में करणी औद्योगिक क्षेत्र, बीछवाल, वैद्य मघाराम कॉलोनी सहित अनेक क्षेत्रों में नकली घी बनाने का काम किया जाता है। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है। शहर में नकली घी फैक्ट्री पकडऩे के बाद इस तरह का धंधा करने वालों में हड़कम्प मच गया।

अभियान रहेगा जारी
नकली घी बनाने वालों के खिलाफ अभियान के रूप में लेकर कार्रवाई कर रहे हैं। अब फिर ं नकली घी बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। आरोपित अशोक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फैक्ट्री से घी जहां-जहां सप्लाई होता था वहां पर भी दबीश की कार्रवाई करवा रहे हैं।
सवाई सिंह गोदारा, जिला पुलिस अधीक्षक, बीकानेर।

ये भी पढ़ें

कचरे के ढेर में विस्फोट, दो बालक झुलसे
Published on:
12 Oct 2017 01:44 pm
Also Read
View All