
मुक्ताप्रसाद कॉलोनी के सेक्टर ग्यारह में बुधवार सुबह एक निजी स्कूल के पास कचरे के ढेर में विस्फोट होने से कचरा बीन रहे दो बालक बुरी तरह झुलस गए। लोगों ने दोनों घायल बच्चों को टैक्सी से पीबीएम के ट्रोमा सेंटर भिजवाया। जहां उनका उपचार चल रहा है। एक बच्चे की हालत गंभीर है। विस्फोट की सूचना मिलने पर सीओ (सिटी) किरण गोदारा, नयाशहर थाना प्रभारी बहादुरसिंह मय पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुला और जांच की। विस्फोट पटाखे के बारूद में होने की आशंका जताई गई है। जो संभवत: कचरे में फेंका हुआ था। जिसमें आग लगने से विस्फोट हो गया।
सीओ (सिटी) किरण गोदारा ने बताया कि मुक्ताप्रसाद कॉलोनी में रहने वाले बलवीर (८) पुत्र सरजीत और कोजू (६) पुत्र बंशी भोपा कचरे के ढेर में से सामान बीन रहे थे। बच्चों ने कचरे में मिले कुछ सामान को आग से जलाना चाहा। इसी दौरान विस्फोटक हो गया और दोनों बालक जख्मी हो गए। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग इक्कठे हो गए। लोगों ने घायल बच्चों के परिजनों को सूचना दी और उन्हें उपचार के लिए पीबीएम के ट्रोमा सेन्टर में भर्ती करवाया। हादसे में घायल बलबीर की हालत अभी नाजूक है।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
मुक्ताप्रसाद कॉलोनी में हुए विस्फोट से क्षेत्र में एकबारगी दहशत का माहौल बन गया। धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। बम विस्फोट की अफवाह के फैलने पर निजी स्कूल के बच्चों के अभिभावक स्कूल पहुंच गए। बच्चों को सकुशल देखकर उन्होंने राहत की सांस ली।वहीं स्कूल प्रबंधन ने तमाम बच्चों को सुरक्षा के दायरे में ले लिया और स्कूल की छुट्टी कर बच्चों को अभिभावकों के साथ भेज दिया। विस्फोट से स्कूल की खिड़की का कांच चटक गया तथा बाथरूम के दरवाजे भी चटक गए।
रावण बनाने में काम लिया था बारूद : पुलिस
सीओ गोदारा ने बताया कि प्रारंभिक जांच पड़ताल में पता चला है कि कचरे में पड़े पटाखों में आग लगने से यह विस्फोट हुआ। घटना से जुड़े तथ्यों और मौके पर मिले साक्ष्य सबूतों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट हो पाया है कि कचरे के ढेर में फ्लेश पाउडर था, जिसमें आग लगाने से विस्फोट हुआ। आशंका है कि रावण बनाने के दौरान काम में लिए गए पटाखों के बारुद को कचरे में डाल दिया गया होगा। जिसे कचरा बीनने वाले बच्चों ने आग लगा दी और विस्फोट हो गया।
दिनभर चला अफवाहों का दौर
कचरे के ढेर में विस्फोट को लेकर दिनभर अफवाहों का दौर रहा। पुलिस ने बम विस्फोट जैसी अफवाहों पर पूरी तरह से विराम लगाते हुए घटना के तुरंत बाद ही इसे पटाखे के बारूद का विस्फोट होना स्पष्ट कर दिया था। परन्तु फिर भी कुछ देर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की सूचनाएं वायरल होती रही।
Published on:
12 Oct 2017 09:37 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
