Bikaner Accident : राजस्थान में भारत माला एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हुई तो दो गंभीर रूप से घायल हैं।
Bikaner Accident : राजस्थान में भारत माला एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हुई तो दो गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि बीकानेर (लूणकरणसर) में भारत माला सड़क पर बुधवार अलसुबह यह बड़ा सड़क हादसा हो गया। लूणकरणसर-कालू रोड इंटरचेंज के पास तेज रफ्तार SUV आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मृतक के शव को लूणकरणसर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि SUV में सवार लोग गुजरात के निवासी हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और नींद की झपकी को हादसे की वजह माना जा रहा है।
एक अन्य हादसे में बीकानेर में गंगाशहर थाना इलाके के उदयरामसर के पास मंगलवार को एक कार और बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
गंगाशहर पुलिस के अनुसार उदयरासर निवासी हितेश पुत्र हरीशचंद शर्मा बाइक पर पलाना की तरफ से आ रहा था। वहीं कार बीकानेर से पलाना की तरफ जा रही थी। उदयरासर के पास कार व बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार उछल कर सड़क पर गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान बाइक में भी आग लग गई। वहीं कार चालक हिम्मत व उसके पास बैठा पूनमचंद दोनों घायल हो गए। घायलों को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पलाना रोड पर उदयरामसर के पास बस और ट्रोले की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और करीब 12 लोग घायल हो गए। थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के अनुसार, हादसे में बस चालक रामेश्वरलाल जाट गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया।