बीकानेर

राजस्थान में शिक्षा विभाग में बंपर तबादले, डेढ़ हजार से अधिक प्राचार्यों को किया इधर-उधर

राजस्थान में शिक्षा विभाग ने 1653 प्राचार्यों एवं समकक्ष अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। सभी अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
2 min read
Jul 10, 2026
Rajasthan Education Department
प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Rajasthan Education Department Transfers : बीकानेर। राजस्थान सरकार की स्थानांतरण नीति के तहत निर्धारित अंतिम दिन स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया। विभाग ने 1653 प्राचार्यों एवं समकक्ष अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं।

सभी अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। जनगणना कार्य में लगे कार्मिकों को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति मिलने के बाद ही कार्यमुक्त किया जाएगा। सभी संबंधित कार्मिकों की कार्यमुक्ति और कार्यग्रहण की प्रक्रिया शालादर्पण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन होगी।

यदि किसी विद्यालय में पूर्व से कार्यरत कार्मिक या अन्य कारणों से दोहरे पदस्थापन की स्थिति बनती है, तो पहले से पदस्थ कार्मिक को संबंधित नियुक्ति प्राधिकारी के अगले आदेशों की प्रतीक्षा में कार्यमुक्त किया जाएगा।

आदेश के अनुसार, प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत प्राचार्यों की प्रतिनियुक्ति स्थानांतरण आदेश जारी होते ही स्वतः समाप्त मानी जाएगी और उन्हें नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। वहीं, लंबे समय से अनुपस्थित या निलंबित कार्मिकों के मामलों में स्थानांतरण आदेश तत्काल लागू नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों की सूचना शिक्षा निदेशक को भेजी जाएगी और आगे की कार्रवाई विभाग के नए निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

विभाग में दिनभर रही हलचल

तबादला आदेश जारी होने के बाद शिक्षा विभाग में पूरे दिन हलचल बनी हुई है। जिन अधिकारियों और शिक्षकों के नाम सूची में शामिल हैं, वे अब नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने की तैयारी में जुट गए हैं।

शिक्षा विभाग में पहले भी जारी हो चुकी लिस्ट

बता दें कि शिक्षा विभाग ने दूसरे दिन प्रतिनियुक्ति के आधार पर 919 व्याख्याताओं, प्राचार्यों और उप प्राचार्यों के तबादला आदेश जारी किए थे। बुधवार को शिक्षा विभाग ने करीब 8,300 शिक्षकों व अन्य कार्मिकों के तबादले किए थे।

तबादलों का आज आखिरी दिन

गौरतलब है कि पहले तबादले 19 जून से 5 जुलाई तक खोले गए थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 10 जुलाई कर दिया गया। यदि शुक्रवार को अवधि नहीं बढ़ाई जाती है तो अंतिम दिन विभिन्न विभागों की बड़ी संख्या में तबादला सूचियां जारी होने की संभावना है।

Updated on:
10 Jul 2026 02:07 pm
Published on:
10 Jul 2026 02:07 pm