बीकानेर

राजस्थान पत्रिका अभियान: फड़ बाजार से शुरू होगी मुहिम

सेवाभावी लोगों और नगरवासियों के सहयोग से इस जनजागरूकता व सफाई अभियान की शुरुआत फड़ बाजार क्षेत्र से होगी।
2 min read
• •
Updated: 21 Dec 2017, 12:32 PM IST
Cleanliness campaign
सफाई अभियान

बीकानेर . शहर को साफ-सुथरा और सुन्दर बनाने की मुहिम 24 दिसम्बर से शुरू होगी। राजस्थान पत्रिका, नगर निगम, निगम पार्षदों, स्वच्छता कार्यों से जुड़ी संस्थाओं, गाडा यूनियन, फड़ बाजार व्यापार मण्डल एसोसिएशन सहित सेवाभावी लोगों और नगरवासियों के सहयोग से इस जनजागरूकता व सफाई अभियान की शुरुआत फड़ बाजार क्षेत्र से होगी।

सुबह 7:30 बजे से शुरू होने वाले इस अभियान में साफ-सफाई के साथ दुकानदारों, गाडा संचालकों, व्यापारियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। पार्षद, स्वयंसेवी संस्थाओं, वेटरनरी विवि के एनएसएस सदस्य व एनसीसी कैडेट्स, गाड़ा संचालक, व्यापारी, दुकानदार, शहरवासी तथा निगम के सफाई कर्मचारी फड़ बाजार को साफ-सुथरा बनाने की मुहिम में जुटेंगे।

पार्षदों ने दिलाया मदद का भरोसा
'जन जन रखें सफाई' अभियान के दौरान साफ-सफाई के कार्य सहित आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए निगम पार्षदों ने संकल्प जताया है। बुधवार को 'राजस्थान पत्रिका' कार्यालय में हुई तैयारी बैठक के दौरान पार्षदों ने 'राजस्थान पत्रिका' के इस अभियान में हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि अभियान से आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता आएगी और लोग शहर को साफ-सुथरा बनाने में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगे। बैठक में पार्षद प्रेमरतन जोशी, शिव रतन रंगा, आदर्श शर्मा, कृष्णा कंवर, गिरिराज जोशी, जगदीश मोदी तथा श्याम सिंह हाड़ला उपस्थित थे।
निगम देगा संसाधन, सीएमएचओ करवाएंगे फोगिंग

नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी मक्खन लाल आचार्य के अनुसार फड़ बाजार क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने, नाला-नालियों की सफाई, कचरा उठाने आदि कार्यों में नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग और संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि फड़ बाजार क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम फोगिंग करवाएगी।

सदस्यता अभियान व स्कूटी रैली पर चर्चा
बीकानेर. भाजपा महिला मोर्चा बीकानेर देहात जिला कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को यहां पृथ्वी पैलेस में देहात जिला प्रभारी शोभा सारस्वत की अध्यक्षता में हुई। मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष मधु शर्मा ने सदस्यता अभियान, मंडल बूथ स्तर पर कार्यकारिणी, पदाधिकारी प्रवास तथा देहात स्तर पर स्कूटी रैली आयोजित करने पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए।

जिला कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते देहात जिलाध्यक्ष सहीराम दुसाद ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिनिश्त करने पर जोर दिया। बैठक को सारस्वत, देहात महामंत्री रक्षा डोगरा, जिला मंत्री रेखा वर्मा, संगीता सिंह शेखावत, प्रदेश प्रवक्ता बबीता शर्मा, शहर जिलाध्यक्ष मधुरिमा सिंह तथा शहर महामंत्री सुमन जैन भी उपस्थित थी।

Published on: