बीकानेर

रक्षाबंधन कल : बाजारों में बढ़ी रौनक, बच्चों को लुभा रहा भीम, लाइटिंग व म्यूजिकल राखियां भी कर रही आकर्षित

बीकानेर. रक्षाबंधन का त्योहार रविवार को है। बाजारों में त्योहारी रौनक परवान पर है। शहर में जगह-जगह राखियों की दुकानें सज गई हैं, जहां अलग-अलग रंगों व डिजाइनों की राखियां बहनों को लुभा रही हैं। इस बार फैन्सी राखियों के साथ धागों से बनी हल्की व साधारण राखियां सभी को पसंद आ रही हैं।
2 min read
Raksha Bandhan
Raksha Bandhan


बीकानेर. रक्षाबंधन का त्योहार रविवार को है। बाजारों में त्योहारी रौनक परवान पर है। शहर में जगह-जगह राखियों की दुकानें सज गई हैं, जहां अलग-अलग रंगों व डिजाइनों की राखियां बहनों को लुभा रही हैं। इस बार फैन्सी राखियों के साथ धागों से बनी हल्की व साधारण राखियां सभी को पसंद आ रही हैं। इनमें पराम्परिक राखियां भी शामिल है। बच्चों को कार्टून शो के पात्रों के नाम की राखियां आकर्षित कर रही हैं।

राखी पर 26 अगस्त को महिलाओं को रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर का तोहफा मिलेगा। इस बार राखी बांधने के लिए पूरा दिन श्रेष्ठ रहेगा। शहर में राखी के त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह है। बाजार में बड़ों को स्टोन जडि़त, मोली धागा से निर्मित हल्की राखी, कागज से तैयार पेपर कुलिंग राखी पसंद आ रही हैं। साथ ही रुद्राक्ष, तुलसी से निर्मित व ब्रासलेट राखी की मांग अधिक है। राखी विक्रेता मोहित भाटिया ने बताया कि फैंसी के साथ साधारण डिजाइन की राखियों की इस बार अधिक मांग है। बच्चों को छोटा भीम, डोरीमोन, मोटू-पतलू के साथ ही लाइटिंग की राखियां बेहद पसंद आ रही हैं। इसके अलावा म्यूजिकल राखियां आकर्षण का केन्द्र बनी हुई हैं। राखी विक्रेताओं ने भी बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की लुभावनी राखियां मंगवाई हैं।

महिलाओं को तोहफा
रक्षाबंधन पर 26 अगस्त को रोडवेज महिलाओं को मुफ्त सफर का तोहफा देगा। इस दिन बीकानेर आगार से चलने वाली रोडवेज की बसों में बहनें नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। आगार प्रबंधक इंद्रा गोदारा ने बताया कि साधारण एवं दु्रतगामी बसों में प्रदेश की महिलाएं एवं बालिकाओं को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। बसों में परिचालक नि:शुल्क यात्रा टिकट जारी करेंगे। इनके लिए अग्रिम आरक्षण भी करया जा सकेगा। वोल्वो व वातानुकूलित, अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्रों पर संचालित बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी।

यह रहेगा मुहूर्त
पं.राजेन्द्र किराडू के अनुसार राखी बांधने के लिए पूरा दिन श्रेष्ठ रहेगा। इस दिन पूर्णिमा भद्रा रहित होने से पूरा दिन ही श्रेष्ठ है। सुबह सूर्योदय से लेकर शाम 5:25 बजे तक राखी बांधने का श्रेष्ठ मुहूर्त है।

आगामी त्योहार
26 अगस्त : रक्षाबंधन
29 अगस्त : बड़ी तीज (कजली तीज)
१ सितंबर : ऊभ छठ
३ सितंबर : कृष्णजन्माष्टमी
७ सितंबर : बच्छ बारस
१३ सितंबर : गणेश चतुर्थी
19 सितंबर : रामदेवरा मेला
२३ सितंबर : अनन्त चतुर्दशी

Published on:
25 Aug 2018 11:09 am