
Army recruitment
रोजगार की दौड़ में दिखाया दमखम
बीकानेर. देश सेवा के जज्बे के साथ रोजगार की आस में युवा उत्साह से भरे थे। दौड़ से पहले सैकड़ों किमी का सफर, आंखों में नींद के उनके चेहरे पर शिकन तक नजर नहीं थी। यह जोशीला अंदाज शुक्रवार को स्वामी केशवानंद विश्वविद्यालय स्टेडियम में पहुंचे हजारों युवाओं में देखने को मिला। अवसर था सेना भर्ती रैली का। पहले दिन हनुमानगढ़ जिले की भादरा व रावतसर तहसील के ३५०० अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई।
इनमें से ३२६ अभ्यर्थी चयनित हुए हैं, जिनका शनिवार को मेडिकल व अन्य परीक्षण होगा। सेना प्रभारी एवं कर्नल संदीप भारद्वाज ने बताया कि विवि स्टेडियम में रात दो बजे प्रवेश के साथ रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ। अभ्यर्थियों को १० दिन पहले ही प्रवेश-पत्र जारी कर दिए गए थे। प्रवेश-पत्र पर लगे बारकोड से अभ्यर्थियों की पूरी डिटेल चैक की जा रही थी, ताकि कोई फर्जी अभ्यर्थी शामिल न हो सके। भीड़ को देखते हुए स्टेडियम के बाहर-अंदर पुलिस एवं सेना के जवान तैनात रहे। सेना भर्ती रैली दो सितंबर तक चलेगी।
होटल-ढाबे और धर्मशालाएं फुल
सेना भर्ती के चलते दूसरे जिलों से हजारों अभ्यर्थी बीकानेर पहुंचे हैं। ऐसे में होटल-ढाबे व धर्मशालाएं फुल हो गई हैं। भर्ती में भाग लेने पहुंचे युवाओं को रहने के लिए जगह तक नहीं मिली। युवाओं ने रात सड़क किनारे फुटपाथ, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व पब्लिक पार्क में गुजारी।
आज ये दौड़ लगाएंगे
शनिवार को हनुमानगढ़, संगरिया, टिब्बी, पीलीबंगा एवं नोहर के चार हजार ७४२ अभ्यर्थी दौड़ लगाएंगे। दौड़ तड़के साढ़े तीन बजे से सुबह दस बजे तक होगी।
उप प्रधानाचार्य व प्राध्यापकों के लिए साक्षात्कार २७ से
बीकानेर. जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में उप प्रधानाचार्य, वरिष्ठ प्राध्यापक, प्राध्यापकों के विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने बताया कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में उप प्रधानाचार्य, वरिष्ठ प्राध्यापक पद के लिए मण्डल कार्यालय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार २७ अगस्त को होगा। इसी प्रकार २८ अगस्त को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में प्राध्यापक पद के लिए साक्षात्कार अजमेर, कोटा, भरतपुर मण्डल के अभ्यर्थी, २९ अगस्त को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में प्राध्यापक पद के लिए साक्षात्कार चूरू, जयपुर, उदयपुर तथा जोधपुर के अभ्यर्थियों के होंगे।
Published on:
25 Aug 2018 10:40 am
