बीकानेर

निदेशक ने जारी किए प्रदेश के 58 संविदा अकाउंटेंट की री-लोकेशन के आदेश

29 सितंबर को 51 आशा सुपरवाइजरों की री-लोकेशन पॉलिसी के तहत लोकेशन बदली थी, अब 58 संविदा अकाउंटेंट की लोकेशन बदली है।
2 min read
• •
Updated: 3 Oct 2017, 9:26 AM IST
Re-location of 58 contractual accountants

एनआरएचएम कर्मचारियों का आंदोलन पीएचसी एवं सीएचसी में संविदा पर कार्यरत आशा सुपरवाइजरों एवं अकाउंटेंट के लिए सुखदभरा रहा है। एनआरएचएम निदेशक एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के शासन सचिव नवीन जैन ने 29 सितंबर को 51 आशा सुपरवाइजरों की री-लोकेशन पॉलिसी के तहत लोकेशन बदली थी, अब 58 संविदा अकाउंटेंट की लोकेशन बदली है।

इसके लिए एनआरएमएच निदेशक ने एक अक्टूबर को आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार 58 संविदा अकाउंटेंट की जगह पर नवचयनित संविदा कार्मिकों को पदस्थापित किया जाएगा। प्रदेश के सभी सीएमएचओ को निर्देश दिए गए हैं कि उनके अधीनस्थ कार्यरत जिन संविदा कार्मिकों का री-लोकेशन किया गया है, उन्हें नवचयनित संविदाकर्मियों के पदस्थापित होने तक कार्यमुक्त नहीं करें।

भ्रम की स्थिति
एनआरएचएम कर्मचारी 15 दिन से सामूहिक अवकाश पर हैं। अवकाश के चलते अब तक 109 संविदा कार्मिकों का री-लोकेशन किया गया है। इनमें अधिकतर कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर हैं। ऐसे में कर्मचारियों में भ्रम की स्थिति है कि सरकार बिना अनुमति कार्यभार ग्रहण नहीं कराने को कह रही है, वहीं री-लोकेशन आदेश भी जारी कर रही है।

2374 अवकाश पर
प्रदेशभर के सात संभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो 2499 संविदा कार्मिकों में से 2374 सामूहिक अवकाश पर हैं। बीकानेर संभाग के 345 एनआरएचएम प्रबंधकीय संविदा कार्मिक में से 338 सामूहिक अवकाश पर हैं। इसी प्रकार भरतपुर संभाग के 270 में से 258, अजमेर संभाग के 353 में से 315, जोधपुर संभाग के 321 में से 304, उदयपुर संभाग के 330 में से 312, कोटा संभाग के 199 में से 182, जयपुर संभाग के 680 में से 664 संविदा कार्मिक सामूहिक अवकाश पर हैं।

ठप है काम
एनआरएचएम प्रबंधकीय संविदा कार्मिकों के सामूहिक अवकाश पर जाने से राजश्री योजना, शुभलक्ष्मी योजना, आशा भुगतान, ओजस, पीसीटीएस, ईसीटीएस, मौसमी बीमारियों की रिपोर्टिंग, डाटा एंट्री, कार्यालय पत्र, पत्रावलियां, अकाउंट्स संबंधी काम ठप पड़े हैं। सात अक्टूबर से राष्ट्रीय स्तर का मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है। अगर संविदा कार्मिक काम पर नहीं लौटे तो रिपोर्टिंग कार्य मुश्किल होगा।

झाडू लगाकर जताया विरोध
एनआरएचएम संविदा कार्मिकों ने सामूहिक अवकाश के १५वें दिन सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर व कर्मचारी मैदान में झाड़ू लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। धरनास्थल पर सभा को संबोधित करते हुए सीपी व्यास, सोम, दिलीप बिस्सा, पंकज मिश्रा, प्रभावती व्यास, रजनीश व्यास, विजय, विकास, स्वाति, बेबी सांखला ने कहा कि इस बार संविदा कार्मिक आर-पार की लड़ाई लडेंगे। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला अध्यक्ष भंवर पुरोहित ने जन अभाव अभिकरण के सचिव केके पाठक से दूरभाष पर वार्ता की। वार्ता के बाद पाठक ने एनआरएचएम कार्मिकों को वार्ता के लिए जयपुर बुलाया है।

Published on: