बीकानेर

देशनोक में मंदिर के बाहर हेड कांस्टेबल के साथ धक्का-मुक्की, तोड़ा हाथ

एक युवक शराब के नशे में मंदिर के आगे लगी रेलिंग के ऊपर चढ़कर मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, हैडकांस्टेबल ने उसे रोकने का प्रयास किया।
2 min read
• •
Updated: 22 Sep 2017, 8:29 AM IST
scrimmage With head constable

देशनोक करणी माता मंदिर में ड्यूटी कर रहे हैड कांस्टेबल के साथ एक युवक ने धक्का-मुक्की की, जिससे उसका हाथ टूट गया। इस संबंध में पीडि़त हैड कांस्टेबल की रिपोर्ट पर गंगाशहर निवासी विकास (27) पुत्र ओमप्रकाश सोनार के खिलाफ भादंसं की धारा 332 व 353 में मामला दर्ज किया गया है। एसएचओ अनोपसिंह ने बताया कि हैड कांस्टेबल लक्ष्मणराम पुत्र भारमल बिश्नोई 20 सितंबर की रात को डीओ ड्यूटी पर था।

अलसुबह वह करणी माता मंदिर के आगे श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था में तैनात था। तभी एक युवक शराब के नशे में उत्पात मचा रहा था। पुलिस जवानों ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। वह मंदिर के आगे लगी रेलिंग के ऊपर चढ़कर मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश करने लगा तब हैडकांस्टेबल लक्ष्मणराम ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वह हैडकांस्टेबल से उलझ गया।

आरोपित युवक ने हैडकांस्टेबल के हाथ को रेलिंग के बीच में देकर जोर से दबा दिया, जिससे उनके हाथ में फ्रेक्चर हो गया। बाद में पुलिस आरोपित युवक को पकड़ कर थाने ले गई, वहीं हैड कांस्टेबल का स्थानीय सीएचसी में उपचार कराया गया।

घर से जेवरात व नकदी चोरी
श्रीडूंगरगढ़ में प्रताप बस्ती में घर से चोरी होने का मामला गुरुवार को दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार शंकरलाल जाट व रामनविास ने दर्ज मामले में बताया कि उसके घर में अज्ञात व्यक्ति ने घुसकर चोरी की और आग लगा दी। इस दौरान सोने व चांदी के जेवरात व नगदी राशि चोरी हो गई। घरेलू सामान व ट्रैक्टर के कागजात भी आग लगा कर जला दिए गए।

जुआ खेलते दो पकड़े
श्रीडूंगरगढ़ में मुख्य बाजार में गुरुवार को जुआ खेलते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई ने बताया कि दोपहर में सूचना मिली कि स्थानीय गांधी पार्क के पास कुछ युवक जुआ खेल रहे है। मौके पर पुलिस ने दबिश दी तो वहां पर सिंधी कॉलोनी निवासी धर्मेन्द्र सिंधी व कालू बास के भैरूंदान सोनी जुआ खेल रहे थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 7 हजार एक सौ रुपए बरामद किए गए।

Published on: