
बीकानेर. गणतंत्र दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस सतर्क हो गई है। बीकानेर मंडल के सभी स्टेशनों पर आने-जाने वाली ट्रेनों में विशेष निगरानी की जा रही है। सोमवार को उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल की सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रियंका शर्मा के नेतृत्व में स्टेशन पर जवानों ने फ्लैग मार्च किया। लंबी दूरी की ट्रेनों में डॉग स्क्वॉयड से निरीक्षण किया। ट्रेन में भी गश्त की गई।
सुरक्षा बलों ने सुरक्षा के लिए स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के सामान की जांच की। साथ ही यात्रियों को भी संदिग्ध व्यक्ति की आशंका होने पर तुरंत आरपीएफ को सूचना करने के लिए जागरूक किया गया। हेल्पलाइन का उपयोग करने का सुझाव भी दिया गया।
बीकानेर से चलने वाली सभी मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में जायजा लिया गया। रेलवे सुरक्षा बल की सहायक सुरक्षा आयुक्त, थाना प्रभारी एसएस आनंद के साथ राजकीय रेलवे पुलिस के डीआईजी ललित माहेश्वरी ने सोमवार को वार्ता की। इस दौरान जीआरपी और आरपीएफ में समन्वय रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रखने का निर्णय किया गया।
स्टेशन पर खंगाले फुटेज
आरपीएफ थाने में लगे एलसीडी पर भी आरपीएफ निगरानी रख रही है। बीकानेर स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सोमवार को कैमरों में कैद गतिविधियों का उच्च अधिकारियों ने निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अवैध हथियार रखने के आरोपित रिमांड पर
बीकानेर. गंगाशहर पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपितों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है। सीआई सुभाष बिजारणिया ने बताया कि रोहित उर्फ रावताराम, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजूसिंह,, राकेश उर्फ छिन्नू को रविवार को गिरफ्तार किया गया था।
आरोपितों से दो अवैध पिस्टल, दो मैग्जीन व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। आरोपितों को सोमवार को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपितों से हथियार किससे और क्यों लिए ? इस बारे में पूछताछ की जाएगी।