बीकानेर

शारदीय नवरात्र : घर-घर और मंदिरों में होगी शक्ति की उपासना

श​क्ति की उपासना का पर्व शारदीय नवरात्र गुरूवार से प्रारंभ होंगे। घरों और मंदिरों में घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय देवी पूजन, व्रत, उपासना के अनुष्ठान प्रारंभ होंगे। नवरात्र को लेकर देवी मंदिर सज चुके है।

2 min read
Oct 02, 2024

बीकानेर.शक्ति की उपासना का पर्व शारदीय नवरात्र गुरूवार से प्रारंभ होंगे। घरों और मंदिरों में घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय नवरात्र पूजन-अनुष्ठान की शुरूआत होगी। नवरात्र के नौ दिनों तक देवी प्रतिमाओं का अभिषेक, पूजन, श्रृंगार, आरती की जाएगी। देवी पाठ और मंत्र जाप के अनुष्ठान होंगे। नवरात्र में देवी के नौ स्वरूपों की पूजा अर्चना की जाएगी। मंदिरों में नौ दिनों तक देवी प्रतिमाओं के दर्शन, पूजन का क्रम चलेगा।घर-घर में स्थापित देवी प्रतिमाओं का अभिषेक-पूजन कर नवरात्र पूजन अनुष्ठान की शुरूआत की जाएगी। नवरात्र को लेकर शहर के देवी मंदिर रंग बिरंगी रोशनी से सज गए है। गुरूवार अलसुबह से दर्शन-पूजन का क्रम प्रारंभ होगा। अनेक देवी मंदिरों में भजन, कीर्तन और रात्रि जागरण के भी आयोजन होंगे। नवरात्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संख्या को देखते हुए मंदिरों में व्यापक व्यवस्थाएं की गई है। मंदिर ट्रस्ट, समितियां, पुजारी और श्रद्धालु देर रात्रि तक तैयारियों में जुटे रहे।

दर्शन-पूजन का चलेगा दौर

प्रथम नवरात्र से शहर के देवी मंदिरों में दर्शन पूजन का क्रम प्रारंभ होगा।बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शनार्थ पहुंचेंगे। नागणेचीजी मंदिर, आशापुरा मंदिर, गायत्री मंदिर, राज राजेश्वरी त्रिपुर बाला सुंदरी मंदिर, मां सच्चियाय ओसिया मंदिर, मां इन्द्राक्षी मंदिर, काली माता मंदिर, मां लटियाल मंदिर, दुर्गा मंदिर, चामुण्डा माता मंदिर, वैष्णोधाम, विजय भवन देवी मंदिर, जूनागढ़ देवी मंदिर, सूरसागर के पास िस्थत करणी माता मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन का क्रम चलेगा।

सजेंगे पंडाल, दुर्गा पूजा महोत्सव के होंगे आयोजन

शारदीय नवरात्र में दुर्गा पूजा महोत्सव के भी आयोजन होंगे। गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर दुर्गा प्रतिमाओं को स्थापित कर उनकी पूजा-अर्चना की जाएगी। पंडालों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। डांडिया व गरबा नृत्य होंगे। देवी पाठ और मंत्र जाप होंगे। पूजन उत्सव की पूर्णाहुति पर पंडालों में पूजित देवी प्रतिमाओं का जल में विसर्जन किया जाएगा। बंगाली मंदिर में बंगाल की परंपरा अनुसार दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन होगा।

देशनोक करणी माता के लिए पैदल यात्रियों की रवानगी

शारदीय नवरात्र के पहले दिन करणी माता के मंदिर में धोक लगाने और दर्शनों के लिए पैदल यात्रियों की रवानगी का क्रम बुधवार से प्रारंभ हुआ। हाथों में ध्वजा लिए और नाचते-गाते श्रद्धालु देशनोक करणी माता के लिए रवाना हुए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पैदल यात्रियों की रवानगी का क्रम रात तक जारी रहा। बच्चों से बुजुर्गों तक व बालिकाएं व महिलाएं पैदल यात्रा कर देशनोक पहुंच रहे है। गोगागेट से नोखा रोड पर पद यात्रियों की रवानगी का क्रम दिनभर चलता रहा। वहीं पैदल मार्ग करणी माता के जयकारों से गूंजता रहा। जगह-जगह पैदल यात्रियों की सेवा के लिए जल, चाय, नाश्ता इत्यादि की सेवाएं उपलब्ध करवाई गई। वहीं करणी माता के ससुराल धाम साठिका के लिए भी बुधवार को पैदल यात्रियों की रवानगी दूसरे दिन भी जारी रही।

Also Read
View All

अगली खबर