
बीकानेर . जेएनवीसी थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे मासूम छात्र को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। राहगीर उसे पीबीएम के ट्रोमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीआई हरजिन्द्रसिंह ने बताया कि कुचौर आगुणी हाल अशोक नगर निवासी मदनगोपाल बिश्नोई का आठ वर्षीय बेटा प्रियांशु अजय पब्लिक स्कूल में पढ़ता था।
मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने पर वह पैदल घर लौट रहा था। तभी पीबीएम की ओर से तेज गति से आए एक मोटरसाइकिल सवार ने उसे चपेट में ले लिया, उसके सिर में गंभीर चोट लगी। वहां से गुजर रहे उमाशंकर उपाध्याय, विनोद एवं सुरेन्द्र बच्चे को ट्रोमा सेंटर ले गए और परिजनों को घटना की जानकारी दी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है।
श्रमिक की मौत, पुलिस जुटी जांच में
बीकानेर. रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में मंगलवार सुबह एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पीबीएम की मोर्चरी में रखवाया है, जहां बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उपनिरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि बिहार के मधुबनी निवासी नवाब उर्फ संतोष (26) पुत्र बिहारी साफीप्रेम मिष्ठान भंडार की फैक्ट्री में काम करता था। दोपहर में उसकी हालत बिगडऩे पर साथी लोग उसे पीबीएम ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर कोटगेट पुलिस ट्रोमा सेंटर पहुंची।
कारण स्पष्ट नहीं
उपनिरीक्षक के मुताबिक नवाब की मौत कैसे और किन कारणों से हुई, यह स्पष्ट नहीं हुआ है। पीबीएम अस्पताल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत के कारणों का पता चल सकेगा। जबकि पुलिस नवाब की मौत के कारणों की जांच में जुट गई है।
जानलेवा हमले का आरोपित गिरफ्तार
बीकानेर. नत्थूसर गेट के भाटों के बास में शनिवार को दुकान पर बैठे बुजुर्ग व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में नया शहर पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। सीआई बहादुरसिंह ने बताया कि २८ अक्टूबर को भाटों का बास में ५५ वर्षीय तेजाराम दुकान पर बैठा था।
इसी दरम्यिान महेन्द्र उर्फ टकला व उसके साथी मनोहर भाट ने शराब के लिए रुपए मांगे। रुपए देने से मना करने पर आरोपितों ने जबरन वसूली की तथा विरोध करने पर धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को महेन्द्र उर्फ टकला को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।