
कार-बोलेरो की टक्कर में दो जने घायल
देशनोक. देशनोक व पलाना के बीच बोलेरो व कार की आमने-सामने की टक्कर में दो जने घायल हो गए। थाना प्रभारी रजीराम सारण ने बताया कि देशनोक से दो किलोमीटर दूर बोलेरो व कार की टक्कर में दो जने घायल हो गए थे। मौके पर पहुंचे हैड कांस्टेबल टीकूराम व मोबाइल टीम द्वारा यातायात सुचारु करवाया गया। इस संबंध में देर शाम तक कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।
सड़क हादसे में एक की मौत
बीकानेर/जामसर. राजमार्ग-१५ पर निर्माणाधीन टोल प्लाजे के पास रविवार देर रात को अज्ञात वाहन ने एक ऊंटगाड़े को टक्कर मार दी, जिससे ऊंटगाड़े पर सवार व्यक्ति घायल हो गया। उसे पीबीएम के ट्रोमा सेंटर भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जामसर एसएचओ अमर सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब सवा नौ बजे दाऊदसर निवासी निजाम खां अपने बेटे अरशद के साथ ऊंटगाड़े पर सवार होकर रीको औद्योगिक क्षेत्र खारा से वापस गांव जा रहे थे।
जामसर के पास बन रहे टोल नाके के पास तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने ऊंटगाड़े को टक्कर मार दी, जिससे अरशद उछल कर दूर जा गिरा जबकि निजाम खां गंभीर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर जामसर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को निजी वाहन से पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान निजाम खां की मौत हो गई। पुलिस ने शव पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया। बाद में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के बेटे अरशद की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ट्रेन से एक दर्जन ऊंट कटे
बीकानेर .तहसील के चरकड़ा गांव के पास सोमवार देर रात को ट्रेन के आगे अचानक ऊंटों का टोळा आ गया, जिससे दर्जनभर ऊंटों की मौत हो गई। हादसे से ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। गनीमत रही कि ट्रेन में सवार यात्रियों को कोई चोट नहीं पहुंची।
हादसे की सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक ट्रेन वहीं खड़ी रही।जानकारी के अनुसार इंटर सिटी जयपुर-जैसलमेर बीकानेर आ रही थी। नोखा से छह किलोमीटर पहले चरकड़ा गांव में पिलर संख्या ५३२ के पास ट्रेन के आगे ऊंटों का टोळा आ गया, जिससे करीब दर्जनभर ऊंट कट गए। ट्रेन के आगे आने से करीब १३ ऊंट कटे हैं।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
ऊंटों की टक्कर से गाड़ी में जोरदार झटका लगा। रात का समय होने से सभी सवारियां सोने की तैयारी में थी।
एकबारगी घबरा गए लोग
अचानक ब्रेक लगाने से सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के रुकते ही अधिकांश सवारियां नीचे उतर गई। जब लोगों को हादसे की सूचना मिली तो एकबारगी घबरा गई। बाद में ट्रेन के साथ चल रहे स्टाफ ने नोखा रेलवे स्टेशन पर घटना की सूचना दी। हादसे के एक घंटे बाद तक ट्रेन मौके पर ही खड़ी रही।