
जयपुर। राजधानी जयपुर में चोरों के हौसले दिन प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे है। हाल ही में डकैती का नया मामला झोटवाड़ा थाना इलाके में सामने आया। जिसमें सिक्योरिटी सिस्टम के चलते देर रात एक बड़ी एटीएम डकैती होने से बच गई। आपको बता दें कि सिक्योरिटी सिस्टम के चलते मुम्बई में अलार्म बजने के कारण देर रात आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में रखे लाखों रुपए लुटने से बच गए। मुम्बई से मिली सूचना के आधार पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई, लेकिन तब तक बदमाश वहां से जा चुका था। अब इस मामले में पुलिस एटीएम में मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश में जुटी है। घटना देर रात झोटवाड़ा थाना इलाके की है।
पुलिस के अनुसार बोरिंग चौराहे पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक एटीएम में देर रात करीब एक बजे नकाबपोश बदमाश घुसा और उसने एटीएम में लगे एक कैमरें को तोड़ दिया और फिर एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर रुपए निकालने का प्रयास किया। बदमाश ने एटीएम के नीचे के हिस्से को तोडऩे का प्रयास किया। लेकिन इसी दौरान पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही बदमाश वहां से भाग निकला। एटीएम मशीन में करीब आठ से दस लाख रुपए बताए जा रहे है। जांच अधिकारी एसआई गुरूदत्त ने बताया कि एटीएम में लगे सिक्योरिटी सिस्टम के चलते छेड़छाड़ करते ही बैंक के मुम्बई स्थित कंट्रोल रूम में अलार्म बज गया।
बैंक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां पर कोई नहीं मिला। एटीएम में लगे हुए कैमरों में से एक कैमरा टूटा हुआ था और एटीएम के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा कर खोलने का प्रयास किया गया था। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरें में नकाबपोश एक युवक वारदात करता नजर आ रहा है। सीसीटीवी के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है। सिक्योरिटी सिस्टम के चलते ही वारदात टल गई। आपको बता दें कि लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए भी एटीएम पर कोई सिक्योरिटी गार्ड तैनात नहीं था।
Published on:
20 Feb 2018 12:20 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
