रंग राजस्थान रंग रथयात्रा पहुंचेगी बीकानेर
जिला प्रशासन, बीकानेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विरासत संवर्धन संस्थान तथा अनुराग कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में बीकानेर थिएटर फेस्टिवल के दसवें संस्करण का आगाज 24 फरवरी से होगा। टीएम लालाणी तथा हंसराज डागा ने बताया कि इस बार फेस्टिवल की अवधि को पांच दिन से बढ़ाकर 6 दिन का कर दिया गया है जिससे दर्शकों को अधिक नाटक देखने को मिलेंगे। प्रभारी सुरेंद्र धारणिया ने बताया िक इस बार रंग मस्ताने संस्था व राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली की तरफ से रंग राजस्थान-रंग रथ यात्रा के तहत चार नाटकों का मंचन भी होगा। रंग मंडल प्रमुख राजेश सिंह ने बताया कि इन चार नाटकों में अजय कुमार के निर्देशन में माई री मै कासे कहूं, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक चितरंजन त्रिपाठी के निर्देशन में तमस, राम गोपाल बजाज के निर्देशन में अंधा युग और ऊषा गांगुली के निर्देशन में बायेन नाटक का मंचन शामिल हैं। आयोजन से जुड़े मधुसूदन अग्रवाल ने बताया कि उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाल से वीणा शर्मा के निर्देशन में रसिक संपादक तथा लव तोमर के निर्देशन में मीता पंचलैट वाला का मंचन, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के सहयोग से देवेंद्र राज अंकुर के निर्देशन में नाटक उनके हिस्से का प्रेम तथा गरीब नवाज कहानी का मंचन, पश्चिम सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर के सहयोग से अजय कुमार के निर्देशन में बड़ा भांड तो बड़ा भांड, सुरेश कुमार के निर्देशन में ए लड़की, बिपिन कुमार के निर्देशन में अब न बनेगी देहरी का मंचन किया जाएगा।
देवेंद्र राज अंकुर को समर्पित
समारोह के संयोजक सुधेश व्यास ने बताया की इस फेस्टिवल में जवाहर कला केंद्र, राजस्थान संगीत नाट्य अकादमी जोधपुर का सहयोग भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार का फेस्टिवल देवेंद्र राज अंकुर को समर्पित है जो हिंदी रंगमंच की वह सशक्त चेतना हैं, जिन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक मंच को विचार, शब्द और अनुशासन प्रदान किया। निर्देशक, शिक्षक, आलोचक और विचारक के रूप में उन्होंने प्रशिक्षण, प्रयोग और सिद्धांत की एक दुर्लभ परंपरा रची, जिससे पीढ़ियों ने प्रेरणा पाई।