
बीकानेर.देशनोक . देशनोक थाना क्षेत्र के पलाना गांव के पास रविवार दोपहर एक कार और एम्बुलेंस की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि एक जना घायल हुआ है। घायल को पीबीएम के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
देशनोक एसएचओ रजीराम ने बताया कि कार सवार पलाना निवासी भंवरलाल (३०) पुत्र रामेश्वरलाल जाट एवं सुरजाराम (४५) पुत्र मेहराजराम जाट बीकानेर से पलाना आ रहे थे। वहीं एम्बुलेंस देशनोक से बीकानेर की तरफ जा रही थी। पलाना के पास दोनों गाडिय़ां टकरा गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों गाडिय़ों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर हाईवे मोबाइल पार्टी हवलदार कैलाशसिंह एवं हवलदार ओमप्रकाश वहां पहुंचे और घायलों को पीबीएम अस्पताल भिजवाया। एसएचओ ने बताया कि भंवरलाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि सुरजाराम ने पीबीएम ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एम्बुलेंस चालक को भर्ती कराया गया है।
टैक्सी को पिकअप ने मारी टक्कर
गंगाशहर क्षेत्र में चौधरी कॉलोनी में एक टैक्सी को पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे टैक्सी में सवार रामीदेवी के चोटें आई हैं। उसे ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। रामीदेवी व दो अन्य जने टैक्सी से पीबीएम अस्पताल से घर जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।
सैरुणा में बस-कार भिड़े, तीन घायल
सैरुणा के पास रविवार को लोक परिवहन बस और कार की टक्कर में तीन व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को पीबीएम के ट्रोमा सेंटर भर्ती कराया गया है। सैरुणा पुलिस के अनुसार हादसे में सोनियासर बास बाबूलाल पुत्र परमेश्वर के गंभीर चोट आई है, जबकि दो अन्य के मामूली चोटें आई हैं।
ट्रेन की चपेट में आने से मौत
लूणकरनसर. यहां लूणकरनसर रेलवे स्टेशन की पूर्वी केबिन के समीप शनिवार रात को एक पैसेन्जर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की थाने में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है। सीआई अशोक कुमार बिश्नोई ने बताया कि लूणकरनसर के फरमान पुत्र जमालद्दीन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई मोहम्मद फानुस (४५) पुत्र जमालद्दीन शनिवार रात करीब १०.४५ बजे रेलवे पटरी पार कर रहा था। इस दौरान महाजन की तरफ से बीकानेर जाने वाली ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लूणकरनसर सीएचसी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द की है।