
बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि एक ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसा बीकानेर-लूणकरणसर नेशनल हाईवे पर देर रात हुआ। राहगीरों की सूचना पर जामसर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दकमल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया है। लेकिन, एक ट्रक चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, दो युवक गंभीर घायल हो गए।
अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। क्योंकि ट्रक में आग के कारण मृतक के सभी दस्तावेज भी जल गए। पुलिस ने मृतक के शव को लूणकरणसर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल, पुलिस ट्रक के नंबरों के आधार पर मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।
हादसे में दूसरे ट्रक का ड्राइवर दिनेश बिश्नोई निवासी जयसिंह देसर मगरा और उसका साथी गंभीर घायल हो गया। दोनों घायलों को लूणकरणसर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से दोनों घायलों को गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रकों में लगी आग इतनी भीषण थी कि आग बुझाने में करीब एक घंटा लग गया। तब तक एक ट्रक पूरी तरह जल गया। वहीं, दूसरे ट्रक में भी आग के कारण काफी नुकसान हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे 62 पर जामसर के पास लंबा जाम लग गया। हाईवे पर लगी आग के चलते वाहन चालक दहशत में आ गए। ट्रकों में लगी आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों ट्रकों को सड़क किनारे करवाया। इसके बाद यातायात सुचारू करवाया गया।