बीकानेर

भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों से बचने का करें जतन, लापरवाही बरतने पर आ सकते हैं लू की चपेट में, देखिये वीडियो

गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंच गया है।
2 min read
• •
Updated: 27 Apr 2018, 4:39 PM IST
weather news
मौसम समाचार

बीकानेर . गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंच गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। दोपहर में तवे सी तपती धरती और आसमान से बरसती आग में छोटी सी लापरवाही से लू की चपेट में आ सकते हैं।

एेसे में दोपहर में घर से शरीर को ढंककर ही निकलें। पानी की बोतल साथ रखें और दिन में अधिक शीतल पेय का सेवन करते रहना चाहिए। असल में पारा चढऩे के साथ ही हवा भी बदन को झुलसा देती है। एेसे में आंखें, चेहरा आदि पहले चपेट में आते है। लू से बचने के लिए मुंह पर स्कार्फ और आंखों पर काला चश्मा पहन सकते है।

चिकित्सकों के अनुसार दोपहर 1 से 3 बजे के बीच यथासंभव हमें घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। यदि घर से निकलना जरूरी हो तो पहले पानी का सेवन करें और शरीर को ढंक करके निकलें। शहर में गुरुवार को जहां अधिकतम 0.1 डिग्री वृद्धि के साथ 43.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 26.7 डिग्री पर पहुंच गया। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। चिकित्सक भी तापमान 45 डिग्री या इससे अधिक होने को जीवन के लिए खतरनाक स्तर मानते हैं।

यह करें उपाय

- शरीर में पानी की मात्रा को संतुलित रखने के लिए पानी का अधिक सेवन करें।

- छाछ, केरी या इमली का पानी, नींबू, बेल व अन्य जूस का सेवन करें।

- खाने में हरी सब्जियां और खीरा, घीया, तर ककड़ी, चन्दलिया, पुदीना व धनिया आदि शामिल करें।

- ताजा मौसमी फल जैसे संतरा, अंगूर, तरबूज, खरबूजा, जामुन आदि का सेवन करें।

- लू से बचने के लिए सुबह के खाने में सलाद के साथ प्याज का सेवन करें।

- खाने के बाद पानी में सत्तू पाउडर मिलाकर पीने से शरीर में ऊर्जा बढ़ेगी।

- घर से बाहर निकलते समय नाक, कान और मुंह को ढंक कर रखें।

इनसे करें परहेज
- तैलीय और तीखा खाना खाने से बचें।

- ज्यादा मात्रा में चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक पीने से बचें। इनमें डाइयूरेटिक तत्व पाए जाते हैं।

- ज्यादा प्रोटीन वाले खाद्य अंडा, मांस, मछली खाने से बचें।

- एल्कोहल और जंक फूड का सेवन नहीं करना चाहिए।

लगातार बढ़ रहा तापमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम

20 अप्रैल 33.6 27.5
21 अप्रेल 35.4 21.6
22 अप्रेल 36.0 20.3
23 अप्रेल 39 .0 20.1
24 अप्रेल 41.7 22.0
25 अप्रेल 43.7 25.9
26 अप्रेल 43.8 26.7

अधिक पानी पीएं
गर्मी में खुद को तरोताजा और स्वस्थ बनाएं रखने के लिए अधिक मात्रा में पेय पदार्थ और फलों का सेवन करें। वैसे तो गर्मी में शरीर को सर्दी की तुलना में कम कैलोरी की आवश्यकता पड़ती है। फिर भी वयस्कों को औसतन 1400 से 1600 किलो कैलोरी लेनी चाहिए।
डॉ. ममता सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर, कॉलेज ऑफ होम साइंस, बीकानेर

Published on: