
बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में देर रात आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना में 35 वर्षीय हुकमचंद पंचारिया की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ जरनैल सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नोखा कस्बे के पंचारिया चौक में दोनों भाइयों के बीच देर रात विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते जानलेवा बन गया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।
इस मामले में मृतक के पिता ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार रात बड़े भाई हुकमचंद पंचारिया उर्फ सेवाराम पुत्र ओमप्रकाश ने छोटे भाई से नशे के लिए पैसे मांगे। लेकिन, छोटे भाई जगदीश ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
गुस्साए छोटे भाई जगदीश ने अपने ही बड़े भाई हुकमचंद पंचारिया पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। चीख पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच बचाव किया। इसके बाद हुकमचंद को बागड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही नोखा सीओ जरनैल सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया। साथ ही पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। सूचना पर पहुंची एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।