बिलासपुर

आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल कोच में लगी आग! यात्रियों में अफरा-तफरी, चेन पुलिंग से टली बड़ी अनहोनी…

CG Train Fire: रायगढ़ स्टेशन से पहले भूपदेवपुर–किरोड़ीमल नगर सेक्शन में हुई। इंजन से तीसरे जनरल कोच से अचानक धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई।

2 min read
आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल कोच में लगी आग! यात्रियों में अफरा-तफरी, चेन पुलिंग से टली बड़ी अनहोनी...(photo-patrika)

CG Train Fire: छत्तीसगढ़ में पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) के एक जनरल कोच में बुधवार शाम आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना रायगढ़ स्टेशन से पहले भूपदेवपुर–किरोड़ीमल नगर सेक्शन में हुई। इंजन से तीसरे जनरल कोच से अचानक धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए यात्रियों ने आनन-फानन में चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।

CG Train Fire: टीटीई ने दी आग की सूचना

पोल संख्या 599/21 के पास हुई इस घटना की जानकारी सबसे पहले ट्रेन में तैनात टीटीई चंचल कुमार ने कंट्रोल रूम को दी। सूचना में बताया गया कि इंजन से तीसरे जनरल कोच में आग लगने से तेज धुआं निकल रहा है। चेन पुलिंग के बाद कोच में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। एसीपी किए जाने के बाद ट्रेन को शाम 7:41 बजे नियंत्रित किया गया।

अग्निशामक यंत्रों से पाया काबू

घटना के तुरंत बाद ट्रेन में मौजूद एसी मैकेनिक, गार्ड और लोको पायलट ने अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में कोच के भीतर रखे कागज में आग लगने की पुष्टि हुई है। जांच में किसी भी तरह का विद्युत शॉर्ट सर्किट नहीं पाया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को रात 8:23 बजे रवाना किया गया।

बीड़ी-सिगरेट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि किसी यात्री द्वारा जलती बीड़ी या सिगरेट फेंके जाने से कागज में आग लगी होगी, जिससे धुआं फैल गया। मामले में यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कार्रवाई के भय से कोई भी सामने नहीं आया।

रायगढ़ स्टेशन पर कोच की संयुक्त जांच

घटनास्थल से रवाना होने के बाद ट्रेन के रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर एसएसई और विद्युत स्टाफ द्वारा संबंधित कोच की संयुक्त जांच की गई। जांच में किसी प्रकार की खतरे की स्थिति नहीं पाई गई। सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ट्रेन को रात करीब 9 बजे गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

Published on:
18 Dec 2025 12:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर