बिलासपुर

बिलासपुर में बारिश के बीच प्रशासन का बड़ा आदेश, सरकारी अफसरों की छुट्टियां रद्द, बिना अनुमति बाहर जाने पर होगी FIR

Officials leave cancelled: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात के बीच प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
2 min read
Bilaspur on High Alert
छत्तीसगढ़ में बारिश पर प्रशासन सख्त (photo source- Patrika)

Bilaspur on High Alert: बिलासपुर संभाग सहित मध्य व उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे से जारी अतिभारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। नदी-नाले उफान पर है और कई बस्तियां जलमग्न हो गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों के लिए भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का हाई अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब तक 304.7 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।

Heavy Rain News: अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

इस बीच, गरियाबंद जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक युवक उफनते नाले को पार करने के चक्कर में तेज बहाव में बह गया, जिसकी तलाश जारी है। संभावित आपदा से निपटने के लिए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 30 और 34 के तहत कड़े निर्देश जारी किए है। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज होगी। कक्षा 1 से 12वीं तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 18 जुलाई को बंद रहे।

कुटीघाट पुल आवागमन रोका गया…

जांजगीर-चांपा में लीलागर नदी के उफान से भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद देखा गया कि कुटीघाट पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। जगह-जगह खतरनाक गड्ढे हो गए हैं और रेलिंग उखड़ गई है। लोक निर्माण विभाग ने जनहानि की आशंका को देखते हुए 18 जुलाई से 31 जुलाई तक इस पुल पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है।

उफनते रपटों और कॉजवे पर सख्त बैरिकेडिंग की गई है। जलमग्न पुलों से वाहनों या पैदल राहगीरों को गुजरने की सख्त मनाही है। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम में घरों से बाहर न निकलें। बिजली चमकने के दौरान पेड़ों या खुले स्थानों से दूर रहें और उफनते नदी-नालों के पास न जाएं।

कई गांवों में बाढ़ का खतरा…

पामगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिल्ली में स्थित सिल्ली बांध टूट गया है। ग्राम पंचायत जोगीडीपा, मुड़पार (ब), भलवाही, लगरा और भदरा सहित कई निचले इलाकों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। आशंका है कि बांध का पानी ग्रामीणों के घरों और खेतों में घुस सकता है, जिससे फसलों को बड़ा नुकसान होगा। पामगढ़ तहसीलदार अमरनाथ श्याम ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया है।

Monsoon Update: लुंड्रा में आकाशीय बिजली की चपेट में आए चार बच्चे

सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत नागम गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। हल्की बारिश के दौरान चार बच्चे एक पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल देख रहे थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में रंजीत लोहरा (12 वर्ष) और रोशन नगेशिया (12 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

Updated on:
19 Jul 2026 03:01 pm
Published on:
19 Jul 2026 07:11 am