बिलासपुर

Chhattisgarh Fraud News: 3.32 करोड़ की ठगी कर फरार हुए बाप-बेटे, मुनाफे का झांसा देकर कारोबारी को लगाया चूना

Chhattisgarh Fraud News: बिलासपुर में एक जमीन कारोबारी से मुनाफे का झांसा देकर 3.32 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने बाप-बेटे समेत तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
2 min read
Axis Bank Fraud Case
Axis Bank Fraud Case(photo-patrika)

Chhattisgarh Fraud News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक जमीन कारोबारी को भारी मुनाफे का झांसा देकर 3 करोड़ 32 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में पुलिस ने बाप-बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोपित फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक, विनोबा नगर निवासी जमीन कारोबारी विजय कुमार गुप्ता की पहचान वर्ष 2023 में एक जमीन सौदे के दौरान तोरवा निवासी अशोक कुमार गिडवानी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच अच्छी जान-पहचान हो गई। इसी दौरान अशोक गिडवानी ने अपने बेटे मोहित गिडवानी के साथ मिलकर कारोबारी को निवेश का प्रस्ताव दिया।

Chhattisgarh Fraud News: मनिहारी व्यवसाय में निवेश पर मोटे मुनाफे का दिया लालच

आरोपितों ने विजय गुप्ता और उनके मित्र रमेश कुमार अग्रवाल को बताया कि उनका मनिहारी व्यवसाय तेजी से बढ़ रहा है और यदि वे निवेश करेंगे तो हर तीन महीने में अच्छा मुनाफा मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेश की रकम पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और नियमित लाभ भी मिलता रहेगा। आरोपितों की बातों में आकर विजय गुप्ता ने स्वयं के अलावा अपने स्वजनों और मित्रों के माध्यम से भी रकम जुटाई। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 3 करोड़ 32 लाख रुपये आरोपितों को सौंप दिए गए।

RTGS और चेक के जरिए ट्रांसफर हुई करोड़ों की रकम

पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम आरटीजीएस और बैंक चेक के माध्यम से विभिन्न फर्मों के खातों में ट्रांसफर की गई। इनमें भावेश ट्रेडर्स और गणेश किचन नावेल्टी नाम की फर्में शामिल हैं। आरोपियों दावा किया था कि ये व्यवसाय लगातार लाभ में चल रहे हैं और निवेशकों को तय समय पर मुनाफा मिलता रहेगा। शुरुआत में आरोपियों ने भरोसा बनाए रखने के लिए कई तरह के आश्वासन भी दिए।

मुनाफा नहीं मिला तो सामने आई हकीकत

पीड़ित विजय गुप्ता ने पुलिस को बताया कि काफी समय बीतने के बाद भी उन्हें मुनाफे की कोई राशि नहीं मिली। जब उन्होंने निवेश की रकम वापस मांगनी शुरू की तो आरोपित टालमटोल करने लगे। आरोप है कि बाद में अशोक गिडवानी और उसके बेटे मोहित गिडवानी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी तक दी। लगातार दबाव बनाने के बावजूद जब पैसे वापस नहीं मिले, तब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, बैंक खातों की जांच शुरू

सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपित अशोक कुमार गिडवानी, उसके बेटे मोहित गिडवानी और भावेश ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपितों के बैंक खातों, लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ठगी की रकम कहां-कहां ट्रांसफर की गई और इसमें अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।

फरार आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

मामला दर्ज होने के बाद से आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद शहर के कारोबारियों और निवेशकों के बीच चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यवसाय या निवेश योजना में बड़ी रकम लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।

Updated on:
14 May 2026 12:12 pm
Published on:
14 May 2026 12:12 pm