
ठगी (फोटो सोर्स- Freepik)
Fraud News: बिलासपुर जिले के तोरवा क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने प्लॉट बेचने का झांसा देकर युवक से किस्तों में बड़ी रकम ले ली, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस किए। पीड़ित की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हेमूनगर तोरवा निवासी संपला राज शेखरम ने शिकायत दर्ज कराई है कि पुराना पावर हाउस क्षेत्र निवासी मिथिल शर्मा उर्फ मिंटू ने उसके साथ साजिशपूर्वक 20 लाख रुपए की ठगी की है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वर्ष 2024 में उसकी पहचान अजमल खान नामक व्यक्ति ने मिथिल शर्मा से कराई थी। आरोपी ने खुद को जमीन खरीद-बिक्री का कारोबारी बताते हुए शंकर नगर तोरवा स्थित एक प्लॉट बेचने की बात कही। आरोपी ने बताया कि मौजा तोरवा के 0.22 एकड़ जमीन का उसने असली मालिक लखनलाल यादव से इकरारनामा कर रखा है और वह उसमें से 2250 वर्गफीट जमीन बेच सकता है।
पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद आरोपी लगातार जमीन की रजिस्ट्री कराने में बहानेबाजी करता रहा। जब पैसे वापस मांगे गए तो अक्टूबर 2025 तक रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दिसंबर 2025 तक पैसा लौटाने का मैसेज भी भेजा था, लेकिन इसके बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट, इकरारनामा और अन्य दस्तावेजों की जांच की। जांच में आरोपी द्वारा 20 लाख रुपए प्राप्त करने की पुष्टि होने पर पुलिस अपराध दर्ज कर लिया है।
आरोपी ने दस्तावेज दिखाकर शिकायतकर्ता को भरोसे में लिया। 9 अक्टूबर 2024 को नोटरी के माध्यम से इकरारनामा किया गया। उसी दौरान शिकायतकर्ता ने एसबीआई के चेक से साढ़े तीन लाख रुपए बतौर बयाना दिए। फिर शिकायतकर्ता ने फरवरी और मार्च 2025 के दौरान नगद तथा बैंक चेक के माध्यम से कुल 20 लाख रुपए आरोपी को दे दिए।
Updated on:
11 May 2026 02:09 pm
Published on:
11 May 2026 02:08 pm
