बिलासपुर

परीक्षा से पहले तीसरी बार बंद हुआ स्कूल, बिलासपुर में 1000 बच्चों की पढ़ाई पर संकट, जानें वजह

Bilaspur school closed: बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बारिश के बाद एक बार फिर जलभराव हो गया। मंगलवार को परिसर में पानी भरने से स्कूल बंद करना पड़ा। बारिश के इस सीजन में यह तीसरी बार है जब जलभराव के कारण स्कूल का संचालन प्रभावित हुआ है।
3 min read
school waterlogging news (1)
बच्चों की पढ़ाई पर संकट (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Bilaspur School Waterlogging: बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार रात को बारिश के वजह से मंगलवार को स्कूल परिसर में पानी भर गया। जलभराव की स्थिति ऐसी बनी कि स्कूल का संचालन प्रभावित हुआ और स्कूल को बंद करना पड़ा। इस बार बारिश के दौरान तीसरी बार स्कूल परिसर में पानी भरने के कारण स्कूल बंद करने की नौबत आई है। स्कूल में करीब 1000 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

बार-बार स्कूल बंद होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं कुछ ही दिनों में परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, ऐसे में लगातार हो रहे जलभराव ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। स्कूल के प्रिंसिपल अजीत कुजूर ने बताया कि बारिश के बाद परिसर से पानी की निकासी नहीं हो पाती। पानी धीरे-धीरे स्कूल परिसर में जमा होता रहता है। स्थिति बिगडऩे पर कक्षाओं में बच्चों को बैठाना मुश्किल हो जाता है। मंगलवार को भी यही स्थिति बनी, जिसके चलते स्कूल संचालन प्रभावित हुआ।

परीक्षा नजदीक, स्कूल तीसरी बार हुआ बंद

बारिश के इस सीजन में स्कूल परिसर में पानी भरने की समस्या एक-दो बार नहीं बल्कि तीन बार सामने आ चुकी है। हर बार जलभराव के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई। स्कूल में 1000 बच्चे पढ़ते हैं और परीक्षाएं नजदीक होने के कारण नियमित कक्षाएं बेहद जरूरी हैं।

पानी रोकने पहले बनाई दीवार, लेकिन समस्या घटने के बजाय बढ़ गई

स्कूल परिसर को पानी से बचाने के लिए पहले दीवार भी बनवाई गई थी। दीवार बनने के बाद समस्या कम होने के बजाय कई जगहों पर पानी जमा होने की स्थिति और बढ़ गई। पानी स्कूल परिसर के आसपास जमा होने लगा, लेकिन उसकी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई।

बच्चों की पढ़ाई पर संकट

स्कूल के साथ आसपास के घर भी पानी से घिरे

जलभराव का असर केवल स्कूल परिसर तक सीमित नहीं है, स्कूल के आसपास के क्षेत्र में भी पानी जमा हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र के आधे से ज्यादा घरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई घरों के सामने पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में दिक्कत हो रही है।

नेताओं से लेकर कलेक्टर तक कर चुके हैं निरीक्षण

स्कूल में पानी भरने की समस्या नई नहीं है, इससे पहले भी कई बार स्कूल परिसर में जलभराव हो चुका है। समस्या की जानकारी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई जा चुकी है। नेताओं से लेकर कलेक्टर तक स्कूल परिसर का जायजा लेने पहुंच चुके हैं, लेकिन अब तक जलभराव का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। हर बारिश में स्थिति दोबारा सामने आ जाती है और स्कूल प्रबंधन को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

समन्वय से बनेगी जल निकासी की व्यवस्था

समस्या के समाधान के लिए पहले समतलीकरण का कार्य कराया गया है। स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र की स्थिति को लेकर पहले भी निरीक्षण किया गया है। कलेक्टर भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं । क्षेत्र में नाले और जलनिकासी से जुड़ी समस्या भी सामने आई है। बारिश के दौरान तेज पानी आने और आसपास के निचले हिस्से में जमा होने के कारण स्कूल परिसर प्रभावित होता है। स्कूल परिसर में पानी निकासी को लेकर बनी स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित विभाग से समन्वय किया जाएगा। - अजय कौशिक, डीईओ, बिलासपुर

Updated on:
12 Aug 2026 04:59 pm
Published on:
12 Aug 2026 04:59 pm