बिलासपुर

Train Ticket: बिलासपुर से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा जाना हुआ मुश्किल, स्लीपर से AC तक सीटें फुल

Train Reservation Status: त्योहारी भीड़ के चलते बिलासपुर से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा जाने वाली ट्रेनों में अगले सात दिनों तक नो रूम की स्थिति है।
3 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 4:06 PM IST
Train Ticket
Train Ticket: बिलासपुर से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा जाना हुआ मुश्किल(photo-patrika)

Train Ticket: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। छठ पर्व पर घर लौटने और दीपावली के बाद कामकाज पर वापस जाने वाले यात्रियों की भीड़ ने ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति बिगाड़ दी है। बिलासपुर से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में अगले सात दिनों तक नो रूम की स्थिति बनी हुई है। कई ट्रेनों में यात्रियों को वेटिंग टिकट मिलना भी मुश्किल हो गया है। स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक बर्थ उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा टालने या दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं।

Bilaspur Railway News: दिल्ली-मुंबई रूट पर बर्थ के लिए मारामारी

त्योहारी सीजन के चलते लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। खासकर दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट पर जाने वाली ट्रेनों में मांग के मुकाबले बर्थ की उपलब्धता काफी कम पड़ गई है। स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक आरक्षण की स्थिति खराब है। कई ट्रेनों में रिग्रेट प्रदर्शित हो रहा है। इसका मतलब है कि यात्रियों को प्रतीक्षा सूची का टिकट भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में तत्काल कोटे के भरोसे यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों की चिंता भी बढ़ गई है।

स्पेशल ट्रेनें भी नहीं दे पा रहीं राहत

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश के अलावा कुछ अन्य रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें बिलासपुर जोन से छूटने और यहां से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। इसके बावजूद यात्रियों को कंफर्म बर्थ नहीं मिल पा रही है। नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव बना हुआ है।

छठ पर्व के कारण बिहार और झारखंड की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। वहीं, दीपावली के बाद नौकरी और कारोबार के लिए वापस लौटने वाले यात्रियों को भी अपनी यात्रा के लिए सीटें नहीं मिल पा रही हैं। इस वजह से ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बनी हुई है।

नौकरी और जरूरी काम से जाने वालों की बढ़ी परेशानी

ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिलने से सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हो रही है, जिन्हें नौकरी, कारोबार या अन्य जरूरी काम से निर्धारित समय पर दिल्ली, मुंबई और हावड़ा पहुंचना है। परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक साथ बर्थ मिलना और भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन, दूसरे रूट या यात्रा की तारीख बदलने पर विचार करना पड़ रहा है।

इन ट्रेनों में नो रूम और लंबी वेटिंग

बिलासपुर से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में 14 से 21 नवंबर के बीच आरक्षण की स्थिति काफी खराब है। कुछ ट्रेनों में सभी श्रेणियों में नो रूम है, जबकि अन्य में लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है।

दुर्ग-निजामुद्दीन संपर्कक्रांति एक्सप्रेस: 14 नवंबर को स्लीपर में 128 वेटिंग, एसी-2 में 12 वेटिंग है, जबकि इकॉनमी और एसी-3 में नो रूम है। 16 नवंबर को स्लीपर, इकॉनमी और एसी-3 में क्रमशः 78, 18 और 70 वेटिंग है, जबकि एसी-2 में नो रूम है। 19 नवंबर को इन तीन श्रेणियों में 56, 19 और 41 वेटिंग दर्ज है। वहीं, 21 नवंबर को स्लीपर और इकॉनमी में नो रूम तथा एसी-3 में 70 वेटिंग है।

पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस: 14 और 15 नवंबर को स्लीपर, इकॉनमी और एसी-3 में नो रूम है, जबकि एसी-2 में 12 वेटिंग है। 16 नवंबर को एसी-2 में 15 वेटिंग और 17 नवंबर को सभी श्रेणियों में नो रूम की स्थिति है।

हटिया-एलटीटी मुंबई एक्सप्रेस: 14 नवंबर को स्लीपर में 51, एसी-3 में 18 और एसी-2 में 12 वेटिंग है। 20 नवंबर को इन श्रेणियों में क्रमशः 40, 21 और 13 वेटिंग है। 21 नवंबर को स्लीपर में 45 वेटिंग है, जबकि बाकी श्रेणियों में नो रूम है।

हावड़ा-मुंबई मेल एक्सप्रेस: 14 से 17 नवंबर तक स्लीपर और एसी-3 श्रेणी में लगातार नो रूम की स्थिति बनी हुई है।

मुंबई-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस: 14 नवंबर को सभी श्रेणियों में नो रूम है। 15 से 17 नवंबर तक कुछ श्रेणियों में सीमित वेटिंग उपलब्ध है।

पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस: 14 नवंबर को स्लीपर और एसी-2 में नो रूम है, जबकि एसी-3 में 21 वेटिंग चल रही है।

त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और बर्थ की कमी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। दिल्ली, मुंबई और हावड़ा जैसे प्रमुख रूटों पर अगले कुछ दिनों तक सफर की योजना बनाने वालों के लिए कंफर्म टिकट मिलना बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Updated on:
14 Nov 2026, 4:06 PM IST
Published on: