
Google Maps Accident: तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्रीघाट-ढेंका कर्रा के पास सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भारतमाला परियोजना के तहत अरपा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन और अधूरे पुल से एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार रायगढ़ के चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक सुरक्षित है। तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि कार में सवार युवक रायगढ़ से कोरबा होते हुए किसी निजी काम से रायपुर जा रहे थे। रास्ते से अनजान होने के कारण चालक रास्ता खोजने के लिए गूगल मैप का सहारा ले रहा था।
मैप के बताए रूट का पालन करते हुए कार भारतमाला हाईवे के उस खंड पर पहुंच गई, जो अभी पूरी तरह तैयार नहीं है। अरपा नदी पर पुल का निर्माण अधूरा था और आगे सड़क भी नहीं जुड़ी थी। इस हादसे ने भारतमाला परियोजना के निर्माणाधीन खंडों में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय यहां रिफ्लेक्टिव टेप, फ्लैश लाइट और डायवर्जन बोर्ड स्पष्ट दिखाई नहीं देते। एनएचएआई के मुताबिक, रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर के इस बिलासपुर-उरगा खंड पर 1 जुलाई से ही आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह मार्ग अभी यातायात के लिए तकनीकी रूप से स्वीकृत नहीं है।
शुरुआती जांच के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। रात के अंधेरे में चालक को सामने अधूरे पुल और सड़क खत्म होने का अहसास तब हुआ, जब वह सुरक्षा बैरिकेड्स के बेहद करीब पहुंच चुका था। चालक ने तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाए, लेकिन तेज गति के कारण वाहन फिसलता हुआ आगे बढ़ गया। कार पहले सुरक्षा के लिए रखे ड्रमों और बैरिकेड्स को तोड़ते हुए हवा में उछली और सीधे 30 फीट नीचे सूखी नदी में जा गिरी।
धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। कार के भीतर से घायलों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने खुद नीचे उतरकर कार का दरवाजा तोड़ा और घायलों को बाहर निकाला। पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से घायलों संजय पटेल, चंद्रभान पटेल, सत्यनारायण पटेल और अनिल पटेल को अस्पताल पहुंचाया गया। दो युवकों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दो को छुट्टी दे दी गई है।
तोरवा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कार की रफ्तार, चालक की भूमिका, गूगल मैप के रूट और निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन सहित सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है-पंकज कुमार पटेल, एएसपी