Crime News: बिलासपुर वन मंडल में पदस्थ एक महिला वनकर्मी ने विभाग के दो वनरक्षकों पर अभद्र टिप्पणी और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।
CG Crime News: बिलासपुर वन मंडल में पदस्थ एक महिला वनकर्मी ने विभाग के दो वनरक्षकों पर अभद्र टिप्पणी और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। मामले में महिला कर्मी की लिखित शिकायत के बाद वन विभाग ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अनुसंधान, विकास एवं विस्तार वनमंडल बिलासपुर में पदस्थ महिला वनरक्षक ने शिकायत में बताया कि 4 मार्च को दोपहर करीब 1 बजकर 47 मिनट पर उनके मोबाइल नंबर पर एक मिस्ड कॉल आया था। इस दौरान मोबाइल के वॉइसमेल में एक बातचीत रिकॉर्ड हो गई।
महिला कर्मी का आरोप है कि इस रिकॉर्डिंग में बिलासपुर वनमंडल में पदस्थ वनरक्षक बसंत महिलांगे और भूपेन्द्र डहरिया आपस में बातचीत करते हुए उनके और उनके परिवार के बारे में अभद्र और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। शिकायत में महिला कर्मी ने कहा है कि इस तरह की टिप्पणी से उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है और वह मानसिक रूप से आहत हैं। उन्होंने दोनों वनरक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कराने की अनुमति भी मांगी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने इसे प्रिवेंशन ऑफ सेक्सुअल हैरेसमेंट एट वर्कप्लेस एक्ट 2013 के तहत गठित इंटरनल कंप्लेंट कमेटी को भेज दिया है। समिति अब महिला कर्मी द्वारा उपलब्ध कराए गए वॉइस रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला कर्मचारी ने शिकायत की है। जांच प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। कार्यस्थल पर इस तरह के व्यवहार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। - नीरज यादव, डीएफओ