
बिलासपुर .
कांग्रेस जोगी को अपने गढ़ में घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी 21 को मरवाही विधानसभा के पेंड्रा के मंडी मैदान में होने वाले संकल्प शिविर में असली और नकली आदिवासी का मुद्दा उछालेगी। मरवाही जोगी की परंपरागत सीट है। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल , प्रदेश प्रभारी सचिव चंदन यादव समेत आला नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी की जिला इकाई इस कार्यक्रम को लेकर बीते 10 दिनों से पसीना बहा रही है।
ये नेता होंगे शामिल
मरवाही के संकल्प शिविर में डॉ चरणदास महंत, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चंदन यादव, रविन्द्र चौबे, धनेन्द्र साहू, राजेश तिवारी, करुणा शुक्ला समेत अनेक आला नेता शामिल होंगे।
कार्यकर्ताओं में जगाएंगे भरोसा
कार्यकर्ताओं में ठोस विश्वास जगाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता बूथ स्तर के नेताओं को संबोधित करेंगे। सुबह 9 बजे दिग्गज कांग्रेसी होंगे मरवाही (पेंड्रा) के लिए रवाना होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अभय नारायण राय ने बताया कि 21 अप्रैल को मरवाही विधानसभा व 22 अप्रैल को कोटा और तखतपुर विधानसभा में संकल्प शिविर आयोजित होगा। इसमें सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस मौके पर संकल्प शिविर में सभी को शपथ दिलाई जाती है कि वे टिकट किसी को भी मिले लेकिन काम सिर्फ कांग्रेस के लिए करेंगे। पार्टी बीते 15 साल से सत्ता से बाहर है। इसकी सबसे बड़ी वजह भितरघात और आपसी कलह को माना गया है। इसे ध्यान में रखते हुए पार्टी ने यह रणनीति बनाई है।
22 को कोटा और तखतपुर में शिविर
22 अप्रैल की सुबह 9 बजे कोटा और तखतपुर विधानसभा के लिए रवाना होंगे। संकल्प शिविर की तैयारी में जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी, ब्लाक अध्यक्ष मनोज गुप्ता, प्रशांत श्रीवास अमोल पाठक, प्रदेश प्रवक्ता शैलेश पाण्डेय, प्रदेश प्रतिनिधि अरुण सिंह चौहान, प्रदेश सचिव आशीष सिंह ठाकुर, ब्लाक अध्यक्ष शिव बालक कौशिक रामफल बिझवार सहित सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।