बिलासपुर

चुनाव आयोग ने शिक्षा विभाग को लिखा पत्र, कहा स्थिति रखें यथावत

Bilaspur News: चुनाव आयोग ने स्कूल शिक्षा विभाग को पत्र लिख कर विधानसभा निर्वाचन-2023 में स्थानांतरण आदेश की स्थिति यथावत बनाए रखने की बात कही है।
2 min read
Election Commission wrote letter to Education Department Bilaspur
चुनाव आयोग ने शिक्षा विभाग को लिखा पत्र

बिलासपुर। Chhattisgarh News: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने स्कूल शिक्षा विभाग को पत्र लिख कर किसी तरह की भी नियुक्ति, स्थानांतरण, पदस्थापना, भारमुक्ति, पदग्रहण और पदोन्नति के लिए आचार संहिता के तहत पाबंदी लगाई है। इधर छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने जिला निर्वाचन अधिकारी से शिक्षकों के लंबित वेतन के लिए गुहार लगाई है।

चुनाव आयोग ने स्कूल शिक्षा विभाग को पत्र लिख कर विधानसभा निर्वाचन-2023 में स्थानांतरण आदेश की स्थिति यथावत बनाए रखने की बात कही है। साथ ही कहा कि निर्वाचन कार्यों से जुड़े सभी अधिकारी- कर्मचारी लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 28 (क) के तहत भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनियुक्ति पर समझे जाएंगे। आचार संहिता के दौरान किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को नियुक्ति, स्थानांतरण, पदस्थापना, भारमुक्ति, पदग्रहण और पदोन्नति की अनुमति नहीं दी जा सकती है। उक्त निर्देशों का उल्लंघन कर विभाग ने उक्त आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश तत्काल यथास्थिति में बनाए रखने व किसी भी अधिकारी का बिना भारत निर्वाचन आयोग की अनुमति के नियुक्ति, स्थानांतरण, पदस्थापना, भारमुक्ति, पदग्रहण और पदोन्नति नहीं करने निर्देश दिए हैं।

ड्यूटी लगने पर कटवाने के लिए लगा रहे चक्कर

शिक्षा विभाग के कई शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव में लगाई गई है। कई शिक्षक चुनाव में ड्यूटी को लेकर रुचि नहीं दिखा रहे हैं। कई लोग चुनाव में ड्यूटी नहीं करना चाहते हैं। इसलिए कलेक्ट्रेट के चक्कर भी लगा रहे हैं। हालांकि इन्हें ड्यूटी करने के सख्त निर्देश डीईओ ने दिए हैं। ड्यूटी में लापरवाही करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी बात कही जा रही है।

पदस्थापना निरस्त होने पर शिक्षकों को लंबित वेतन देने की गुहार...

छग तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने जिला निर्वाचन अधिकारी से शिक्षकों के लंबित वेतन के लिए गुहार लगाई है। पत्र के माध्यम से बताया है कि शिक्षकों व प्रधानपाठक का संशोधन पद स्थापना निरस्त होने से जिले के 700 से अधिक शिक्षक जो कि निर्वाचन कार्य में लगे हैड्ड। उनकी विगत दो माह से एक तरफा वेतन भुगतान रोक दिया गया है। इस वजह से घर का खर्चा, मकान ऋण, अन्य ऋण का भुगतान व घरेलू खर्च में हो रही परेशानी से शिक्षक जूझ रहे हैं।

उन्होंने लंबित वेतन के भुगतान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी से गुहार लगाई है। इस दौरान जिला शाखा अध्यक्ष चंद्रशेखर पांडे, जिला संरक्षक आरपी शर्मा, अपर्णा चौधरी, दुर्गा यादव, प्रमोद कुमार भारद्वाज, दुखूराम श्रीवास, कौशल कौशिक समेत अन्य शामिल रहे।

Published on:
20 Oct 2023 03:08 pm