Bilaspur News: बिलासपुर में जुआ-सट्टे के बढ़ते नेटवर्क पर लगाम कसने के लिए पुलिस अब सख्त कदम उठाने जा रही है। पहली बार जिले के आदतन सटोरियों और खाईवालों की हिस्ट्रीशीट तैयार की जाएगी।
CG News: बिलासपुर में जुआ-सट्टे के बढ़ते नेटवर्क पर लगाम कसने के लिए पुलिस अब सख्त कदम उठाने जा रही है। पहली बार जिले के आदतन सटोरियों और खाईवालों की हिस्ट्रीशीट तैयार की जाएगी। इसके लिए पुलिस ने करीब एक दर्जन सक्रिय सटोरियों की सूची तैयार कर ली है, जिनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का मानना है कि इन सटोरियों की वजह से समाज का एक बड़ा वर्ग प्रभावित हो रहा है। कई लोग जुआ-सट्टे की लत में फंसकर अपनी जमापूंजी गंवा देते हैं, जिससे कई बार आपराधिक घटनाएं भी सामने आती हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने इन पर सख्ती से नकेल कसने का फैसला लिया है।
पिछले दिनों पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन फरार सटोरियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। इसके साथ ही कुछ चर्चित सटोरियों और खाईवालों की संपत्ति का भी ब्योरा निकलवाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है। पुलिस के इस सख्ती ने सटोरियों में हडक़ंप मचा दिया है।
पुलिस के अनुसार कई मामलों में सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद भी वे दोबारा इस अवैध धंधे में सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता था। अब हिस्ट्रीशीट में नाम दर्ज होने के बाद पुलिस उन पर लगातार निगरानी रख सकेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आदतन जुआरी और सटोरियों का रिकॉर्ड निकालकर उन्हें गुंडे-बदमाशों की सूची में भी शामिल करने की तैयारी है। इससे सटोरियों और खाईवालों में खलबली मच गई है। जुआ-सट्टे के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आदतन सटोरियों और खाईवालों की पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालकर उनकी हिस्ट्रीशीट तैयार की जाएगी, ताकि उन पर लगातार निगरानी रखी जा सके। कई बार कार्रवाई के बाद भी कुछ लोग दोबारा इस अवैध गतिविधि में शामिल हो जाते हैं, इसलिए अब उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया जा रहा है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं और जरूरत पडऩे पर उनकी संपत्ति के संबंध में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - निमितेश सिंह, सीएसपी