
GPM New Collector: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले को नया कलेक्टर मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2015 बैच के अधिकारी विजय दयाराम के ने रविवार को शासकीय अवकाश के दिन ही जिले के कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया। जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने छुट्टी के दिन कार्यभार संभालकर अपने प्रशासनिक दायित्वों की शुरुआत की। उनके इस कदम की जिले में व्यापक चर्चा रही।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए कलेक्टर का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें जिले की विशेष पहचान और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार प्रसिद्ध विष्णुभोग चावल का पैकेट भी भेंट किया गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेंड्रारोड अमित बेग, जिला कोषालय अधिकारी धर्मेंद्र सोनी समेत अन्य अधिकारियों ने भी नए कलेक्टर को शुभकामनाएं देते हुए उनका अभिनंदन किया।
सामान्यतः रविवार को सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहता है, लेकिन विजय दयाराम के ने जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए इसी दिन पदभार ग्रहण किया। उनके इस निर्णय को प्रशासनिक जिम्मेदारियों के प्रति गंभीरता और कार्य संस्कृति का सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।
जिले के नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला मुख्यालय पेंड्रारोड स्थित निर्माणाधीन कंपोजिट बिल्डिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में चल रहे फिनिशिंग कार्यों और शेष निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को 14 अगस्त तक उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस कंपोजिट बिल्डिंग में कलेक्टर कार्यालय, कलेक्टर न्यायालय, मीटिंग हॉल, वेटिंग रूम, आवक-जावक शाखा, पोर्च, लिफ्ट सहित विभिन्न कार्यालयों और सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टाइल्स, वाटर हार्वेस्टिंग, विद्युत वायरिंग समेत अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे को कम्पोजिट भवन में विभिन्न विभागों के लिए कक्ष आवंटन की कार्रवाई शुरू करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेंड्रारोड अमित बेक, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता नित्या कुमारी ठाकुर सहित संबंधित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विजय दयाराम के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के आठवें कलेक्टर हैं। उनसे पहले जिले में शिखा राजपूत तिवारी, डोमन सिंह, नम्रता गांधी, ऋचा प्रकाश चौधरी, प्रियंका ऋषि महोबिया, लीना कमलेश मंडावी और डॉ. संतोष कुमार देवांगन कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब विजय दयाराम के सामने जिले के विकास कार्यों को गति देने, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी होगी।
नए कलेक्टर के पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिलेवासियों को प्रशासन से नई उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने की दिशा में नए कलेक्टर अहम भूमिका निभाएंगे।