बिलासपुर

2 दिन बंद रहेगा NH-45 का यह हिस्सा, बिलासपुर में भारी वाहनों के लिए बदला रूट, जानें वजह

Bilaspur NH-45: बारिश के बाद बदहाल हुई NH-45 सड़क पर लगातार जाम और हादसों के बीच प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। रतनपुर से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के बीच सड़क के एक हिस्से को दो दिन के लिए भारी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।
2 min read
Chhattisgarh News
2 दिन बंद रहेगा NH-45 का यह हिस्सा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

NH-45 Road Closed: बिलासपुर जिले के रतनपुर से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) के बीच नेशनल हाईवे-45 की बदहाल सड़क को दो दिन के लिए भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। बारिश के चलते निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और दलदल की स्थिति बनने से इस मार्ग पर सफर करना मुश्किल हो गया था। हालात यह रहे कि जिस दूरी को सामान्य दिनों में 2 से 3 घंटे में पूरा किया जा सकता था, उसे तय करने में यात्रियों को 6 से 8 घंटे तक लग रहे थे।

लगातार जाम और हादसों के बाद अब प्रशासन ने सड़क की तत्काल मरम्मत के लिए इस मार्ग पर भारी और ट्रक वाहनों की आवाजाही फिलहाल प्रतिबंधित कर दी है। विभागीय स्तर पर मरम्मत कार्य के लिए आवश्यक मशीनरी मौके पर लगा दी गई है। सड़क पर पहले गिट्टी बिछाई जा रही है और इसके बाद रोलर चलाकर उसे दबाया जा रहा है। कोशिश है कि सड़क की सतह मजबूत हो और बारिश में फिर से कीचड़ व बड़े गड्ढे न बनें।

अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता सड़क को चलने लायक और सुरक्षित बनाने की है। इसके बाद निर्माणाधीन हिस्से में निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार आगे का काम जारी रहेगा। एनएच-45 का यह हिस्सा बिलासपुर-रतनपुर को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और आगे मध्यप्रदेश के महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जोड़ता है। यही वजह है कि इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है।

जीपीएम से रतनपुर जाने वाले वाहनों के लिए बदला रूट

जीपीएम से आने वाले वाहन आमाडांड-कोटमी, पसान और कटघोरा होते हुए रतनपुर की ओर जा सकेंगे। वहीं, रतनपुर से कटघोरा, पसान और कोटमी होते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की ओर पहुंचा जा सकेगा। इस बदलाव के कारण भारी वाहनों को लगभग 50 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।

केंद्र तक पहुंची खराब सड़क की खबर

सड़क की खराब स्थिति की जानकारी केंद्र स्तर तक भी पहुंची है। शुक्रवार को केंद्रीय टीम द्वारा मार्ग का निरीक्षण किए जाने की जानकारी सामने आई है। टीम ने बिलासपुर और जीपीएम कलेक्टर से भी चर्चा की। सड़क की स्थिति सुधारने के लिए प्रशासन से पर्याप्त समय मांगा गया था, लेकिन इस मार्ग पर रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही होने के कारण लंबे समय तक सड़क बंद रखना संभव नहीं था।

ऐसे में तत्काल राहत के तौर पर दो दिन के लिए भारी वाहनों का मार्ग बदला गया है, ताकि पीडब्ल्यूडी और नेशनल हाईवे की टीम बिना यातायात के दबाव के सड़क की मरम्मत कर सके।

नेशनल हाईवे संभाग, पीडब्ल्यूडी के ईई आरके खांबरा के मुताबिक, बारिश और लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति प्रभावित हुई है। यात्रियों को परेशानी न हो और सड़क को जल्द से जल्द यातायात योग्य बनाया जा सके, इसके लिए भारी वाहनों का रूट परिवर्तित किया गया है। सड़क पर मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है। गिट्टी बिछाने और रोलर चलाने सहित आवश्यक मशीनरी मौके पर लगाई गई है।

Updated on:
23 Aug 2026 12:13 pm
Published on:
23 Aug 2026 12:13 pm