
डिजिटल हेल्थ सिस्टम से जुड़ेंगे 40 हजार फार्मासिस्ट (फोटो सोर्स- istock)
PCI New Rule: प्रदेश के करीब 40 हजार पंजीकृत फार्मासिस्ट अब राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र का हिस्सा बनने जा रहे हैं। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (एनएचए) के सहयोग से फार्मासिस्टों को हेल्थकेयर प्रोफेशनल रजिस्ट्री (एचपीआर) से जोडऩे की प्रक्रिया शुरू की है। पहले से पंजीकृत फार्मासिस्टों को अपनी जानकारी जांचकर उसे पूरा और सत्यापित करना होगा। इसके लिए पीसीआई ने 15 दिन की समय-सीमा तय की है।
यह पहल आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत की जा रही है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पेशेवरों और संस्थानों की डिजिटल पहचान तैयार कर उन्हें एकीकृत डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोडऩा है।
पीसीआई ने 12 अगस्त 2026 से नए फार्मासिस्टों के लिए एचपीआर प्रोफाइल तैयार करना पंजीयन प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा कर दिया है। यानी नए फार्मासिस्टों को पंजीयन के दौरान ही डिजिटल रजिस्ट्री से जुडऩा होगा। एचपीआर पंजीकृत और सत्यापित स्वास्थ्य पेशेवरों की डिजिटल रजिस्ट्री है। इसमें डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट समेत विभिन्न स्वास्थ्य पेशेवरों को शामिल किया जा रहा है। इसके जरिए फार्मासिस्टों की पेशेवर पहचान डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था में दर्ज और सत्यापित हो सकेगी।
जिन फार्मासिस्टों के पास पहले से वैध बीएच-पी नंबर या यूजरनेम है, उन्हें डिजी-फार्मेड पोर्टल पर जाकर प्रोफाइल पूरी करनी होगी। सबसे पहले ई-केवाईसी के बाद व्यक्तिगत, शैक्षणिक, व्यावसायिक और फार्मेसी पंजीयन से जुड़ी जानकारी जांचनी होगी। जानकारी सही होने पर उसका सत्यापन करना होगा और अधूरी जानकारी को पूरा करना होगा। प्रोफाइल पूरी कर पंजीयन के बाद संबंधित राज्य फार्मेसी परिषद इसकी जांच करेगी। परिषद की मंजूरी के बाद फार्मासिस्ट का एचपीआर कार्ड तैयार होगा।
राहुल वर्मा, सचिव इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ के मुताबिक, फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। एचपीआर से जुडऩे पर उनकी पेशेवर पहचान राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र का हिस्सा बनेगी। फार्मासिस्ट अंतिम समय का इंतजार न करें और अपनी जानकारी सही व अद्यतन कर निर्धारित 15 दिन में प्रक्रिया पूरी करें।
Updated on:
23 Aug 2026 11:33 am
Published on:
23 Aug 2026 11:33 am
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
