
State Bar Election: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल का चुनाव 11 साल बाद हो रहा है। लंबे इंतजार के बाद हो रहे इस चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब नाम वापसी का दौर शुरू हो गया है।
चुनाव के लिए 1 अगस्त से 14 अगस्त तक नामांकन पत्र दाखिल करने की समय-सीमा तय थी। निर्धारित अवधि में प्रदेशभर से कुल 108 अधिवक्ताओं ने नामांकन फार्म भरा है। इन नामांकनों की जांच 16 अगस्त से 23 अगस्त तक की जाएगी। इसके बाद 25 अगस्त से 31 अगस्त तक नाम वापसी का चरण चलेगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 सितंबर को उमीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
अधिवक्ताओं का कहना है कि यह चुनाव न केवल संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि अधिवक्ताओं के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी अहम भूमिका निभाएगा। प्रदेशभर में इस बार का चुनाव काफी रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक माना जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 सितंबर को मतदान होगा। अधिवक्ता मताधिकार का प्रयोग कर अपने प्रतिनिधि चुनेंगे।
स्टेट बार काउंसिल की 25 सीटों के लिए चुनाव होना है। 108 नामांकन दाखिल होने के बाद उमीदवारों ने प्रचार-प्रसार की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश के सभी जिला न्यायालयों और तहसील स्तर पर अधिवक्ता अपने-अपने समर्थकों के बीच जाकर कैनवासिंग कर रहे हैं। समर्थकों को गोलबंद करने और वोट सुनिश्चित करने के लिए दावेदारों ने रणनीतियां बनाना शुरू कर दिया है। इस चुनाव में 23 हजार से अधिक अधिवक्ता मतदान करेंगे।