बिलासपुर

बड़ी राहत: इस जिले के जरूरी संस्थानों में कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई शुरू, अवैध रिफिलिंग में 6 सिलेंडर जब्त

Commercial Cylinder: ईरान-इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण एलपीजी की सप्लाई प्रभावित होने से देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी कमर्शियल गैस सिलेंडरों का संकट गहराया हुआ है।
2 min read
जरूरी संस्थानों में कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई शुरू (फोटो सोर्स- पत्रिका)
जरूरी संस्थानों में कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई शुरू (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Commercial Cylinder: ईरान-इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण एलपीजी की सप्लाई प्रभावित होने से देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी कमर्शियल गैस सिलेंडरों का संकट गहराया हुआ है। हालांकि अब इससे राहत मिलने की उम्मीद दिख रही है। रविवार से बिलासपुर में जरूरी संस्थानों जैसे हॉस्टल्स, एजुकेशन इंस्टीट्यूट इत्यादि में सप्लाई शुरू कर दी गई है।

वहीं दूसरी ओर सूत्रों की माने तो गैस कंपनियों के साथ लगातार चर्चा चल रही है और संभावना है कि सोमवार से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई फिर से शुरू कर दी जाएगी। बताया जा रहा कि रोके गए स्टॉक से इसकी आपूर्ति होटल-रेस्टोरेंट में की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में पूरी क्षमता से सप्लाई संभव नहीं होगी। पहले चरण में करीब 20 प्रतिशत कमर्शियल सिलेंडर ही बाजार में उपलब्ध कराए जाएंगे। माना जा रहा है कि इससे बड़े शहरों के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को आंशिक राहत मिल सकेगी। हालात सामान्य होने पर उत्पादन और उपलब्धता के आधार पर सिलेंडरों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी।

होटल-रेस्टोरेंट पर सबसे ज्यादा असर

बिलासपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में होटल संचालकों को वैकल्पिक व्यवस्था अपनानी पड़ रही है। कुछ जगहों पर इंडक्शन और इलेक्ट्रिक चूल्हों का उपयोग किया जा रहा है, तो कई ढाबों और छोटे होटलों में लकड़ी और कोयले की भट्टियों से खाना बनाया जा रहा है।

हमारा उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी से बचाना और गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। साथ ही होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी नियमों के अनुसार ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। - अमृत कुजूर, खाद्य नियंत्रक, बिलासपुर

अवैध रिफिलिंग: जूना बिलासपुर दुकान व घर में 6 सिलेंडर जब्त

घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और दुरुपयोग के खिलाफ खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में जूना बिलासपुर स्थित हर्ष स्टोर्स के संचालक के यहां छापामार कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि टीम ने हर्ष स्टोर्स के संचालक हर्ष गुप्ता के दुकान और घर की जांच की।

जांच के दौरान वहां से कुल 6 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। इनमें 3 बड़े और 3 छोटे सिलेंडर शामिल हैं। इसके साथ ही मौके से दो नग पीतल के रिफिलिंग यंत्र और 50 किलो क्षमता की एक हैंगिंग वेट मशीन भी मिली, जिसका उपयोग अवैध गैस रिफिलिंग में किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर ही सभी सिलेंडर और उपकरण जब्त कर लिए। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि, विभाग की कार्रवाई में अब तक 5 अलग-अलग प्रकरणों में 210 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।

Updated on:
16 Mar 2026 01:22 pm
Published on:
16 Mar 2026 01:22 pm