
झाड़-फूंक के बहाने जेवर उड़ाने वाली तांत्रिक महिला गिरफ्तार ( File Photo )
CG Crime News: अंधविश्वास का फायदा उठाकर झाड़-फूंक के नाम पर घर में घुसकर जेवर चोरी करने वाली एक महिला को आखिरकार दो साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, थाना सीपत क्षेत्र के ग्राम कुकदा में वर्ष 2023 में हुई नकबजनी के मामले में फरार चल रही आरोपी झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई (55) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह मूलत: जाली थाना रतनपुर की रहने वाली है और हाल के वर्षों में चकरभाठा क्षेत्र में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, ग्राम कुकदा निवासी मनीषा कानगो ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 दिसंबर 2023 की रात उसके माता-पिता ने झाड़-फूंक के लिए जनक राम सौरा और उसकी पत्नी झुनिया बाई को घर बुलाया था।
झाड़-फूंक के दौरान घर की एक पेटी में करीब 50 हजार रुपए नगद, चांदी की पायल, बिछिया, सोने की फुली और चांदी की अंगूठियां रखकर ताला बंद कर दिया गया था। जनक राम ने परिवार को नींबू देकर घर के आंगन और अन्य जगहों पर गाड़ने के लिए बाहर भेज दिया और पेटी लूटकर फरार हो गए।
अगली सुबह जब पेटी खोली गई तो उसमें रखे करीब 60 हजार रुपए के सोने-चांदी के गहने और नगदी गायब मिले। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन आरोपी दंपती फरार हो गए थे। जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी जनक राम की मौत हो चुकी है, जबकि झुनिया बाई अपनी जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई थी।
इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र की कुछ महिलाएं बनियाडीह गांव में घूम रही हैं। पुलिस टीम ने महिला आरक्षक के साथ संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले वह गलत नाम-पता बताकर पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपना असली नाम झुनिया बाई उर्फ शांति बाई बताया।
Updated on:
16 Mar 2026 12:50 pm
Published on:
16 Mar 2026 12:50 pm
