बिलासपुर

Bilaspur Swine Flu: बिलासपुर में स्वाइन फ्लू की दस्तक! संदिग्ध मरीज को एयर एंबुलेंस से भेजा गया हैदराबाद

H1N1 Virus Bilaspur: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में H1N1 (स्वाइन फ्लू) का संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। गंभीर हालत में मरीज को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एयर एंबुलेंस से हैदराबाद रेफर किया गया।
2 min read
Bilaspur Swine Flu
बिलासपुर में H1N1 (स्वाइन फ्लू) का संदिग्ध मरीज मिला (photo source- Patrika)

Bilaspur Swine Flu: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में H1N1 (स्वाइन फ्लू) के एक संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। कोलकाता से लौटे 54 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे शहर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में मरीज के दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया और H1N1 संक्रमण की आशंका जताई गई है। संक्रमण की अंतिम पुष्टि के लिए मरीज का सैंपल जांच हेतु एम्स भेजा गया है।

मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद के हायर सेंटर रेफर करने का फैसला लिया। इस दौरान बिलासपुर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मूसलाधार बारिश के बीच विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया, जिससे मरीज को बिना किसी देरी के एयर एंबुलेंस तक पहुंचाया जा सका।

Bilaspur H1N1 Case: कोलकाता से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, 54 वर्षीय मरीज हाल ही में कोलकाता से बिलासपुर लौटा था। लौटने के कुछ समय बाद उसे तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ और अन्य गंभीर लक्षण महसूस हुए। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया पाया। डॉक्टरों को मरीज में H1N1 (स्वाइन फ्लू) संक्रमण की आशंका हुई। इसके बाद आवश्यक मेडिकल प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उसका सैंपल जांच के लिए एम्स भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

मरीज के परिजनों की रिपोर्ट फिलहाल सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से बचने और तेज बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे फ्लू के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टरों से सलाह लेने की अपील की है— डॉ. शुभा गरेवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी

गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर किया गया रेफर

अस्पताल के विशेषज्ञों ने मरीज की स्थिति को गंभीर बताते हुए उसे उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हैदराबाद के हायर सेंटर भेजने का निर्णय लिया। मरीज को एयर एंबुलेंस से ले जाने की व्यवस्था की गई, ताकि कम से कम समय में बेहतर इलाज मिल सके।

बारिश के बीच पुलिस ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर

मूसलाधार बारिश और शहर के व्यस्त ट्रैफिक के बावजूद बिलासपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपोलो अस्पताल से चकरभाठा एयरपोर्ट तक विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाया। इस दौरान कई प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया, जिससे एंबुलेंस बिना किसी रुकावट के तय समय में एयरपोर्ट पहुंच सकी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मरीज को समय पर एयर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया और वहां से उसे इलाज के लिए हैदराबाद रवाना किया गया।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

H1N1 संक्रमण की आशंका के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले पर नजर बनाए रखी है। अधिकारियों का कहना है कि मरीज की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग एहतियाती कदम उठा रहे हैं ताकि किसी भी संभावित संक्रमण की स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

Updated on:
10 Jul 2026 08:04 am
Published on:
10 Jul 2026 08:04 am