
Bilaspur High Court: सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित श्मशान घाट में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने चार लोगों को तंत्र साधना करते देख लिया। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर ग्रामीण समूह में श्मशानघाट पहुंचे तो चारों वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर ग्रामीणों को पूजा-पाठ और कथित तांत्रिक क्रिया में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। इनमें मछली, नींबू, सिंदूर और अन्य पूजा सामग्री के साथ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस और दो युवकों के फोटो शामिल हैं। तस्वीरें मिलने के बाद मामले को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पकड़ा गया युवक ऋषिकेश कुमार, चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद आरोपी प्रियांशु बोले का रिश्तेदार है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु बोले को कुछ समय पहले तोरवा पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फिलहाल उसके मामले में हाई कोर्ट में जमानत आवेदन लंबित है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आने के बाद आरोपी के रिश्तेदारों को यह बताया गया कि श्मशानघाट में तांत्रिक क्रिया करने से प्रियांशु को जमानत मिल सकती है। इसके बाद चार लोग तंत्र साधना के लिए देवरी के श्मशानघाट पहुंचे थे।
देर रात श्मशानघाट में लोगों की गतिविधियां देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ। काफी देर तक निगरानी करने के बाद ग्रामीण एकजुट होकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखते ही चारों युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल सीपत पुलिस को सूचना दी और पकड़े गए युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ऋषिकेश कुमार से पूछताछ कर रही है और मौके से मिली पूजा सामग्री व तस्वीरों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।